भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीाच 26 दिसंबर से सेंचुरियन में पहला टेस्ट मैच खेला जाएगा। यह तीन टेस्ट की सीरीज होगी। भारतीय कप्तान विराट कोहली के सामने एक बड़ी चुनौती है और ऐसे में उन्हें खुद आगे बढ़कर टीम को हिम्मत देनी होगी। इसके लिए विराट के बल्ले का चलना बेहद जरूरी है, जो कि पिछले दो साल से ज्यादा समय से खामोश है। विराट नवंबर 2019 के बाद से एक भी शतक नहीं लगा पाए हैं।
विराट ने पिछले दौरे पर शानदार प्रदर्शन किया
पिछली बार जब टीम इंडिया दक्षिण अफ्रीका के दौरे पर गई थी तो विराट ने शानदार प्रदर्शन किया था। वे भारत की ओर से शतक लगाने वाले इकलौते बल्लेबाज थे। इतना ही नहीं, वह पूरी सीरीज में भारत-दक्षिण अफ्रीका को मिलाकर सेंचुरी लगाने वाले इकलौते बल्लेबाज भी थे। विराट ने टेस्ट सीरीज में सबसे ज्यादा रन भी बनाए थे। तब दक्षिण अफ्रीका में एबी डीविलियर्स, हाशिम अमला और फाफ डुप्लेसिस जैसे बल्लेबाज मौजूद थे।
डीविलियर्स -अमला को पीछे छोड़ा था
विराट ने तीन मैचों में 47.67 की औसत से 286 रन बनाए थे। दूसरे नंबर पर डीविलियर्स थे। उन्होंने 35.17 की औसत से 211 रन बनाए थे। तीसरे स्थान पर 41.40 की औसत से 207 रन बनाने वाले डीन एल्गर थे। इसके अलावा सीरीज में टॉप-10 रन बनाने वाले बल्लेबाजों में हार्दिक पांड्या (सातवें), मुरली विजय (आठवें), भुवनेश्वर कुमार (नौवें) और चेतेश्वर पुजारा (10वें) शामिल हैं।