कई लोगों का मानना है इस बार भारतीय क्रिकेट टीम दक्षिण अफ्रीका को उसी की सरजमीं पर हराकर टेस्ट सीरीज जीतने की प्रबल दावेदार है। ज्यादातर क्रिकेट पंडित दक्षिण अफ्रीका को कम तर आंक रहे हैं और वे इस सीरीज में मेजबान टीम को नहीं मान रहे हैं जो कि सबसे बड़ी गलत धारणा है जो कोई भी कर सकता है। निश्चित रूप से दक्षिण अफ्रीका के पास सबसे अनुभवी बल्लेबाजी क्रम नहीं है, लेकिन उनके गेंदबाजों से भारतीय बल्लेबाजों को पार पाना आसान नहीं होगा।
पूर्व कोच ने कहा भारत यह गलती न करे
दक्षिण अफ्रीका के पूर्व बल्लेबाजी कोच अमोल मजूमदार को लगता है कि भले ही यह भारत के लिए वह करने का शानदार मौका है जो आज तक दक्षिण अफ्रीका की सरजमीं पर नहीं कर पाई। लेकिन घरेलू टीम को पहले ही इससे बाहर करना गलत होगा। भारतीय क्रिकेट के सबसे बड़े घरेलू दिग्गजों में से एक मजूमदार ने दो दक्षिण अफ्रीकी क्रिकेटरों का नाम लेते हुए कहा कि इन्हें भारत को हल्के में लेने की गलती नहीं करनी चाहिए।
डीन एल्गर और एडेन मार्करम को बताया खतरनाक
मीडिया से बात करते हुए अमोल मजूमदार ने कहा, डीन एल्गर और एडेन मार्कराम हमेशा से मेरे फेवरेट खिलाड़ी रहे हैं, अगर मार्कराम पहले टेस्ट में खेलते हैं तो उनका आत्मविश्वास ऊंचा हो जाएगा। एल्गर को असफलता के बाद सफलता मिली है, दक्षिण अफ़्रीकी को जुनूनी टीम के रूप में जाना जाता है और एल्गर इस लिस्ट में ऊपर है। मार्कराम के बारे में, मुझे हमेशा विश्वास है कि उनके पास जो टेंपरामेंट है मैं उन्हें सफल होते देखना चाहूंगा क्योंकि मुझे लगता है कि वह एक सुपरस्टार हैं। भारत को इन दोनों खिलाड़ियों को हल्के में नहीं लेना चाहिए।
भारत ऑस्ट्रेलिया में लगातार जीत चुका है दो सीरीज
भारतीय टीम ने बीते कुछ साल में टेस्ट क्रिकेट में बेहतरीन प्रदर्शन किया है। इस दौरान टीम इंडिया दो बार ऑस्ट्रेलिया को उसकी सरजमीं पर हराने में सफल रही। जबकि इंग्लैंड के खिलाफ खेले गए चार टेस्ट में 2-1 की बढ़त भारत के पास है। लेकिन मजूमदार का मानना है कि दक्षिण अफ्रीका में खेलना एक अलग तरह का अनुभव होगा। मौजूदा समय में मुंबई टीम को कोच मजूमदार ने कहा कि एनरिक नॉर्खिया के चोटिल होने से मेजबान टीम पर फर्क पड़ेगा।