भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच केप टाउन में खेले जा रहे टेस्ट में उस समय विवाद हो गया, जब तीसरे अंपायर ने दक्षिण अफ्रीका की दूसरी पारी में डीन एल्गर को नॉटआउट दिया। इसके बाद भारतीय टीम के कप्तान विराट कोहली डिसीजन रिव्यू सिस्टम (डीआरएस) के फैसले से इतना गुस्सा हो गए कि उन्होंने स्टंप माइक के पास आकर अपना गुस्सा निकाला। इतना ही नहीं केएल राहुल और अश्विन भी माइक के पास कुछ बोलते सुनाई दिए।
दरअसल, दक्षिण अफ्रीकी पारी के दौरान रविचंद्रन अश्विन राउंड द विकेट गेंदबाजी कर रहे थे। रविचंद्रन अश्विन ने राउंड द विकेट से गेंद फेंकी। गेंद बाएं हाथ के बल्लेबाज डीन एल्गर के लिए स्पिन होकर काफी ज्यादा अंदर आई। एल्गर ने अगला पांव आगे बढ़ाकर गेंद को लेग साइड पर खेलने की कोशिश की। गेंद इतनी ज्यादा अंदर आई कि बल्ले के किनारे से होती हुई सीधे अगले पैड पर जा लगी।
इसके बाद अश्विन समेत बाकी भारतीय फीलडर्स ने एल्बीडब्ल्यू की अपील की। फील्ड अंपायर मरायस इरैसमस ने दक्षिण अफ्रीकी कप्तान डीन एल्गर को आउट दिया था। इसके बाद टीम इंडिया काफी खुश नजर आई। हालांकि, यह खुशी ज्यादा देर तक नहीं टिकी। इसके बाद एल्गर ने रिव्यू लिया। उसमें दिखा कि गेंद विकेट की लाइन में पिच हुई थी और उसी लाइन में बैटिंग पैड से टकराई थी।
हालांकि, बॉल ट्रैकिंग देखकर भारतीय फील्डर्स के साथ-साथ खुद अंपायर भी हैरान रह गए। बॉल ट्रैकिंग के हिसाब से गेंद लेग स्टंप के ठीक ऊपर से जा रही थी। इस तरह फील्ड अंपायर को अपना फैसला पलटना पड़ा। क्रिकबज के रिपोर्ट के मुताबिक, तीसरे अंपायर के फैसले के बाद खुद फील्ड अंपायर इरैसमस की आवाज स्टंप माइक में रिकॉर्ड हुई। उन्हें यह कहते हुए सुना गया- यह असंभव है (This is impossible)।
स्टंप माइक के पास आए भारतीय खिलाड़ी
ओवर समाप्त होते ही अश्विन, कोहली समेत कई खिलाड़ी स्टंप माइक के पास आकर कुछ बोलते सुने गए। अश्विन ने माइक के पास आकर कहा- आपको जीतने के लिए बेहतर रास्ते अपनाने चाहिए सुपरस्पोर्टस। कप्तान कोहली के भी चेहरे पर निराशा साफ झलक रही थी। उन्होंने गुस्से में अपना पैर पटकते हुए स्टंप माइक के पास जाकर कहा- अपनी टीम पर भी ध्यान दिया करो, सिर्फ विपक्षी टीम पर ही नहीं। हर वक्त दूसरों को पकड़ने में लगे रहते हैं।
राहुल ने भी जताई नाराजगी
इसके बाद केएल राहुल ने स्टंप माइक पर कहा- पूरा दक्षिण अफ्रीका 11 लोगों के खिलाफ खेल रहा है। कोहली का स्टंप माइक पर बोलते हुए वीडियो भी सामने आया है। भारत के 212 रन के लक्ष्य के जवाब में दक्षिण अफ्रीका ने 2 विकेट गंवाकर 101 रन बना लिए हैं। अभी दो दिन का खेल बचा है। एल्गर तीसरे दिन के आखिरी गेंद पर आउट हुए। वे 30 रन बना सके। दक्षिण अफ्रीका को जीत के लिए अभी भी 111 रन की जरूरत है।
तीसरे अंपायर के एल्गर को नॉटआउट देेने पर कोहली को विश्वास ही नहीं हुआ।