दक्षिण अफ्रीका के कप्तान डीन एल्गर ने भारत के खिलाफ तीसरे और निर्णायक टेस्ट को पिछले 10-15 वर्षों में अपनी टीम के लिए सबसे बड़ा मैच बताया है। दूसरे टेस्ट में मैच जिताऊ पारी खेलने वाले एल्गर ने आखिरी टेस्ट के रोमांचक होने की उम्मीद जताई है। उन्होंने विराट कोहली की वापसी को टीम इंडिया के लिए अहम बताया है।
एल्गर ने मैच की पूर्व संध्या पर सोमवार को कहा कि विराट कोहली की वापसी से मुकाबला अधिक कड़ा हो गया है। वह खेल में नए आयाम जोड़ता है। मुझे नहीं लगता कि मुझे उनकी कमी खली लेकिन मुझे लगता है कि उनकी टीम को उनकी कमी खली, चाहे वह कप्तानी को लेकर हो या रणनीति की दृष्टि से।
जोहान्सबर्ग में दूसरे टेस्ट मैच में दोनों पक्षों के खिलाड़ियों के बीच कुछ मौकों पर तीखी झड़प देखने को मिली थी और एल्गर को लगता है कि न्यूलैंड्स में भी ऐसा हो सकता है।
दक्षिण अफ्रीकी कप्तान ने विराट को लेकर कहा, 'वह एक विश्वस्तरीय खिलाड़ी है और अपने स्क्वॉड ने बहुत अनुभवी भी है। उसका नाम खुद बोलता है और यह आसपास के अधिक सम्मानित क्रिकेटरों में से एक है इसलिए मैं यह नहीं कहूंगा कि मुझे उसकी कमी खली...लेकिन इससे कोई फर्क नहीं पड़ता कि कौन आपके खिलाफ खेल रहा है। हमें एक टीम के रूप में, हमें अपने पर ध्यान देने की जरूरत है'।
बदलाव के दौर से गुजर रही दक्षिण अफ्रीकी टीम के लिए यह मैच और सीरीज बेहद अहम है। एल्गर ने कहा, 'यह टेस्ट संभावित रूप से 10-15 वर्षों में सबसे बड़ा है। टेस्ट क्रिकेट में हमेशा से रोमांचक और प्रतिस्पर्धी होता है, मैं एक खिलाड़ी के रूप में भी प्रतिस्पर्धा को बरकरार रखता हूं। इसलिए मुझे नहीं लगता कि इसमें प्रतिस्पर्धा की कमी होगी।'
एल्गर ने कहा, ‘वांडरर्स में हमने देखा कि जब हमने हावी होने का प्रयास किया तो भारतीय दबाव में आ गए और जब यह हमारे पक्ष में काम करता हो तो फिर अगले मैच में इस तरह का रवैया नहीं अपनाना मूर्खता होगी।'
न्यूलैंड्स की पिच के बारे में एल्गर ने कहा, 'यह मैच पांच दिन तक चलेगा। मैं घरेलू मैचों के आधार पर ऐसा कह रहा हूं। पिच थोड़ा भिन्न लग रही है। यहां खेले गए पिछले घरेलू मैच के बाद काफी काम किया गया है। परिस्थितियां वास्तव में बहुत अच्छी हैं। उन्होंने अच्छा टेस्ट विकेट तैयार करने की कोशिश की है।'