भारत के खिलाफ दूसरा सबसे बड़ा स्कोर
इस सीरीज के पिछले मैच में भारत ने 237 रन बनाए थे और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टी20 क्रिकेट में सबसे बड़ा स्कोर बनाया था। इस मैच अफ्रीकी टीम ने पलवार किया और भारत के खिलाफ दूसरा सबसे बड़ा स्कोर बना दिया। टी20 में भारत के खिलाफ सबसे बड़ा स्कोर 2016 में बना था, जब वेस्टइंडीज ने लॉडरहिल में छह विकेट खोकर 245 रन बना दिए थे। अब दक्षिण अफ्रीका ने तीन विकेट पर 227 रन बनाए हैं। पिछले मैच में ही अफ्रीकी टीम ने तीन विकेट पर 221 रन बनाए थे। पहले यह भारत के खिलाफ दूसरा सबसे बड़ा स्कोर था, लेकिन अगले ही मैच में दक्षिण अफ्रीका ने अपने रिकॉर्ड को बेहतर किया। इसी साल आयरलैंड की टीम भारत के खिलाफ पांच विकेट पर 221 रन बना चुकी है। यह टी20 क्रिकेट में भारत के खिलाफ चौथा सबसे बड़ा स्कोर है।
11वीं बार रबाडा का शिकार बने रोहित
दक्षिण अफ्रीका के तेज गेंदबाज कगिसो रबाडा ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 11वीं बार रोहित शर्मा को आउट किया। रोहित को सबसे ज्यादा बार आउट करने के मामले में रबाडा ने टिम साउदी की बराबरी कर ली है। दोनों गेंदबाजों ने रोहित को 11 बार आउट किया है। श्रीलंका के एंजेलो मैथ्यूज इस मामले में दूसरे नंबर हैं, उन्होंने 10 बार रोहित का शिकार किया है। टेंट्र बोल्ट ने आठ बार और मोर्ने मॉर्कल ने सात बार रोहित को आउट किया है।
IND vs SA: चेज करते हुए जुलाई के बाद पहली बार हारा भारत, द.अफ्रीका 49 रन से जीता, सूर्यकुमार प्लेयर ऑफ द सीरीज
अजंता मेंडिस के खास क्लब में शामिल हुए एनगिडी
दक्षिण अफ्रीका के तेज गेंदबाज लुंगी एनगिडी ने इस मैच में दक्षिण अफ्रीका के लिए टी20 क्रिकेट में अपने 50 विकेट पूरे किए। वह सबसे कम गेंदों में अंतरराष्ट्रीय टी20 क्रिकेट में 50 विकेट लेने के मामले में तीसरे नंबर पर हैं। उन्होंने 624 गेंदों में टी20 क्रिकेट में 50 विकेट लिए हैं। इस मामले में श्रीलंका के अजंता मेंडिस पहले नंबर पर हैं। उन्होंने सिर्फ 600 गेंदों में अपने 50 अंतरराष्ट्रीय टी20 विकेट पूरे किए थे। वहीं, आयरलैंड के मार्क अडायर ने इसके लिए 620 गेंदें ली थीं। नेपाल के संदीप लामिक्षाने ने 636 गेंदों में 50 विकेट लिए थे और श्रीलंका के वनिंदु हसरंगा ने 660 गेंदों में 50 टी20 विकेट लिए थे।
रोहित ने बनाया अनचाहा रिकॉर्ड
रोहित शर्मा इस मैच में अपना खाता भी नहीं खोल सके। इसके साथ ही उन्होंने एक अनचाहा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। वह अंतरराष्ट्रीय टी20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा बार शून्य के स्कोर पर आउट होने वाले भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं। रोहित 10 बार अंतरराष्ट्रीय टी20 क्रिकेट में अपना खाता खोले बिना आउट हो चुके हैं। उनसे ज्यादा बार सिर्फ आयरलैंड के केविन ओ ब्रायन जीरो के स्कोर पर आउट हुए हैं। केविन 12 पारियों में अपना खाता नहीं खोल सके थे। भारतीय खिलाड़ियों की बात करें तो पांच बार जीरो के स्कोर पर आउट होने वाले लोकेश राहुल इस मामले में दूसरे और चार बार अपना खाता नहीं खोल पाने वाले विराट कोहली तीसरे स्थान पर हैं।
Irani Cup: शेष भारत ने 29वीं बार जीता ईरानी कप खिताब, सौराष्ट्र को 8 विकेट से हराया, कुलदीप सेन ने लिए 5 विकेट
रोहित ने लगातार 10वीं सीरीज जीती
भारतीय टीम के नियमित कप्तान बनने के बाद रोहित शर्मा का प्रदर्शन कमाल का रहा है। रोहित ने पिछले साल नवंबर के महीने में टीम इंडिया की कमान संभाली थी और तब से उनकी कप्तानी में भारत कोई सीरीज नहीं हारा है। भारत इस दौरान अपने घर में सात और विदेश में तीन सीरीज जीत चुका है। इसमें सात टी20 दो वनडे और एक टेस्ट सीरीज शामिल है।
रोहित शर्मा के नियमित कप्तान बनने के बाद भारत का प्रदर्शन
- भारत में टी20 सीरीज में न्यूजीलैंड को 3-0 से हराया
- भारत में वनडे सीरीज में वेस्टइंडीज को 3-0 से हराया
- भारत में टी20 सीरीज में वेस्टइंडीज को 3-0 से हराया
- भारत में टी20 सीरीज में श्रीलंका को 3-0 से हराया
- भारत में टेस्ट सीरीज में श्रीलंका को 2-0 से हराया
- इंग्लैंड में टी20 सीरीज में इंग्लैंड को 2-1 से हराया
- इंग्लैंड में वनडे में इंग्लैंड को 2-1 से हराया
- वेस्टइंडीज में टी20 सीरीज में वेस्टइंडीज को 4-1 से हराया
- भारत में टी20 सीरीज में ऑस्ट्रेलिया को 2-1 से हराया
- भारत में टी20 सीरीज में दक्षिण अफ्रीका को 2-1 से हराया