भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच जोहानसबर्ग के वांडरर्स स्टेडियम में दूसरा टेस्ट मैच खेला जा रहा है। दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक भारत ने दूसरी पारी में दो विकेट गंवाकर 58 रनों की बढ़त ले ली है। चेतेश्वर पुजारा (35*) और अजिंक्य रहाणे (11*) की सबसे अनुभवी भारतीय जोड़ी क्रीज पर है और दोनों के बीच 41 रनों की साझेदारी हो चुकी है।
इससे पहले दिन का खेल शुरू होने पर दक्षिण अफ्रीकी टीम ने 35 रन के स्कोर से आगे खेलना शुरू किया जिसके बाद डीन एल्गर (28*) और कीगन पीटरसन (62*) ने मिलकर 53 रन जोड़े और टीम के स्कोर को 88 तक पहुंचाया। दोनों के बीच दूसरे विकेट के लिए 74 रनों की साझेदारी हुई। हालांकि शार्दुल ठाकुर 37वें ओवर में गेंदबाजी करने आए और दक्षिण अफ्रीका को चार ओवर के अंदर तीन बड़े झटके दिए। उन्होंने एल्गर, पीटरसन और डुसेन को पवेलियन भेजा।
शार्दुल ने एक के बाद एक दक्षिण अफ्रीका को झटके देने शुरू किए और कुल सात विकेट अपने नाम किए। उनकी कहर बरपाती गेंदों के सामने मेजबान टीम टिक नहीं सकी और दूसरे दिन नौ विकेट गंवाकर 229 रन पर ढेर हो गई। दक्षिण अफ्रीका की तरफ से कीगन पीटरसन (62) और तेम्बा बावुमा (51) ने सर्वाधिक रन बनाए जबकि भारत की तरफ से शार्दुल ठाकुर ने सबसे अधिक सात विकेट झटके।
शार्दुल ने 61 रन देकर सात विकेट झटके जो किसी भी भारतीय गेंदबाज द्वारा दक्षिण अफ्रीका में बेस्ट स्पेल है। इससे पहले हरभजन सिंह ने 2010/11 में केप टाउन में 120 रन देकर सात विकेट लिए थे।
भारत ने दूसरे पारी में एक बार फिर से निराशाजनक शुरुआत की और उसने 44 रन पर अपने सलामी बल्लेबाजों के विकेट गंवा दिए। कप्तान राहुल (8) और मयंक अग्रवाल (23) रन बनाकर पवेलियन लौटे। दक्षिण अफ्रीका की तरफ से ओलिवियर और जेनसेन ने एक-एक विकेट हासिल किए।