इफ्तिखार-मसूद ने कराई पाकिस्तान की वापसी
15 रन के स्कोर पर दो विकेट गंवाने के बाद पाकिस्तान की टीम मुश्किल में दिख रही थी। ऐसे में शान मसूद और इफ्तिखार अहमद ने शानदार साझेदारी कर मैच में अपनी टीम की वापसी कराई। दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 76 रन की साझेदारी की और पाकिस्तान का स्कोर 91 रन तक पहुंचाया। 12 ओवर में 91 रन बनाने के बाद पाकिस्तान की टीम मैच में वापस आ गई थी।
शमी ने कराई भारत की वापसी
इफ्तिखार-मसूद के बीच साझेदारी को तोड़ शमी ने भारतीय गेंदबाजों को मैच में वापसी करने का मौका दिया और हार्दिक ने इसका बखूबी फायदा उठाया। हार्दिक ने एक ओवर में दो विकेट निकाले और दो ओवर के अंदर पाकिस्तान के तीन विकेट गिर गए। यहां से पाकिस्तान की पारी पटरी से उतर गई। अर्शदीप ने अपने दूसरे स्पेल में आसिफ अली को आउट कर पाकिस्तान के बड़े स्कोर तक पहुंचने की उम्मीद खत्म कर दी।
अक्षर पटेल की गेंदबाजी और खराब फील्डिंग ने बढ़ाई चिंता
इस मैच में अक्षर पटेल बहुत महंगे साबित हुए। उन्होंने एक ओवर में 21 रन लुटा दिए। इफ्तिखार ने उनके एक ओवर में तीन छक्के लगा दिए। इसके बाद उन्हें गेंदबाजी नहीं दी गई। अगले मैच में कप्तान रोहित युजवेन्द्र चहल को उनकी जगह टीम में मौका दे सकते हैं। इस मैच में भारत की फील्डिंग भी कई मौकों पर खराब रही। पहले विराट ने रन आउट का मौका छोड़ा फिर अश्विन ने कैच का मुश्किल मौका गंवा दिया। बड़े टूर्नामेंट जीतने के लिए ऐसे कैच पकड़ने जरूरी होते हैं और भारत को अपनी फील्डिंग बेहतर करनी होगी।
टॉस जीतने के साथ मिली मनोवैज्ञानिक बढ़त
भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने इस मैच में टॉस जीता और पहले गेंदबाजी का फैसला किया। इसी के साथ भारतीय टीम को मनोवैज्ञानिक बढ़त मिल गई। दोनों टीमों के बीच पिछले छह टी20 मैचों में लक्ष्य का पीछा करने वाली टीम ही जीती है। वहीं, लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत का रिकॉर्ड शानदार है। इसी वजह से पाकिस्तान के हौंसले पहले ही पस्त हो गए।