पाकिस्तान को एशिया कप में एक और झटका लगा है। भारत के खिलाफ मैच से पहले तेज गेंदबाज शाहनवाज दहानी बाहर हो गए हैं। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने शनिवार को इसकी जानकारी दी। रविवार को दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में होने वाले सुपर-4 राउंड के मैच में भारत और पाकिस्तान की टीमें आमने-सामने होंगी। दोनों टूर्नामेंट में दूसरी बार एक-दूसरे के खिलाफ खेलेंगी। पिछले रविवार को भारत ने पांच विकेट से पाकिस्तान को हराया था।
शाहनबाज दहानी की चोट को लेकर पीसीबी ने अपने बयान में कहा, ''शाहनवाज दहानी रविवार को भारत के खिलाफ होने वाले एशिया कप सुपर-4 मैच में साइड स्ट्रेन के कारण उपलब्ध नहीं होंगे। शुक्रवार को शारजाह में हॉन्गकॉन्ग के खिलाफ मैच में गेंदबाजी के दौरान उन्हें चोट लग गई थी। मेडिकल टीम अगले 48-72 घंटों तक उनकी निगरानी करेगी। उनका स्कैन किया जाएगा। इसके बाद उन्हें फिर से टीम में शामिल करने पर फैसला होगा।''
टूर्नामेंट शुरू होने से पहले स्टार तेज गेंदबाज शाहीन अफरीदी और मोहम्मद वसीम जूनियर चोट के कारण बाहर हो गए थे। दहानी की चोट के बाद तेज गेंदबाजी में टीम के पास विकल्पों की संख्या कम हो गई है। वसीम जूनियर के चोटिल होने के बाद हसन अली को टीम में शामिल किया गया था। भारत के खिलाफ उनके खेलने की संभावना ज्यादा है।
दहानी ने भारत के खिलाफ बेहतरीन प्रदर्शन किया था। उन्होंने चार ओवर में 29 रन ही दिए थे। इसके अलावा बल्लेबाजी में छह गेंद पर 16 रन बनाकर टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया था। उन्होंने अपनी पारी में दो छक्के लगाए थे। हॉन्गकॉन्ग के खिलाफ दहानी ने दो ओवर में सात रन देकर एक विकेट अपने नाम किया था।