न्यूजीलैंड के खिलाफ जारी दूसरे टेस्ट का पहला दिन भारत के नाम रहा। वाशिंगटन ने सुंदर गेंदबाजी करते हुए कीवियों की आधी से ज्यादा सेना को पवेलियन भेज दिया। इस मुकाबले में स्पिन ऑलराउंडर ने रचिन रवींद्र का भी विकेट हासिल किया। वह अर्धशतकीय पारी खेलकर पवेलियन लौटे। गुरुवार का खेल समाप्त होने के बाद सुंदर ने अपनी गेंदबाजी पर बात की। उन्होंने बताया कि रचिन का विकेट उनका सबसे पसंदीदा विकेट था।
रचिन हुए बोल्ड
सुंदर को रचिन का विकेट पारी के 60वें ओवर में मिला। उन्होंने एक बेहतरीन डिलीवरी के साथ क्रीज पर सेट हो चुके बेहतरीन बल्लेबाज को अपना शिकार बनाया। सुंदर ने गेंद फेंकी जो इन-ड्रिफ्टर लेंथ पर पिच हुई। बल्लेबाज ने डिफेंस करने की कोशिश की लेकिन बल्ले का बाहरी किनारा छूते हुए ऑफ स्टंप से टकरा गई। इस तरह वह बोल्ड हो गए। रचिन 105 गेंदों में 65 रन बनाकर पवेलियन लौटे। अपनी इस पारी के दौरान उन्होंने पांच चौके और एक छक्का लगाया।
गेंदबाज का बयान
अपने पसंदीदा विकेट पर बात करते हुए सुंदर ने कहा- निश्चित रूप से रचिन रवींद्र। वह अच्छी स्थिति में थे। चायकाल से ठीक पहले उनका विकेट लेना मेरे लिए बहुत बड़ी बात थी। और चाय के ठीक बाद डैरिल मिचेल का विकेट भी किसी उपलब्धि से कम नहीं था। उन्होंने पिच की स्थिति पर बात करते हुए आगे कहा- हमें वाकई लगा कि यह पहले दिन से ही स्पिन करना शुरू कर देगा। पहले सत्र में यह स्पिन हुआ, लेकिन मुझे नहीं लगा कि दूसरे सत्र में यह बहुत ज्यादा स्पिन करेगा। हालांकि, यह फिर शुरू हुआ और मैंने इसका लाभ उठाया।
ताश के पत्तों की तरह बिखरी कीवी टीम
न्यूजीलैंड की पहली पारी 259 रन पर सिमट गई। पहले टेस्ट के लिए स्क्वॉड में नहीं चुने गए वॉशिंगटन सुंदर को दूसरे स्क्वॉड के लिए अचानक टीम में बुलाया गया और उन्हें प्लेइंग-11 में भी शामिल किया गया। कुलदीप यादव की जगह उन्हें शामिल किया गया और टीम मैनेजमेंट के इस फैसले को सुंदर ने सही साबित करते हुए सात विकेट झटके हैं। उन्होंने 23.1 ओवर में 59 रन देकर सात विकेट झटके। इनमें पांच खिलाड़ियों को उन्होंने क्लीन बोल्ड किया। एक एल्बीडब्ल्यू और एक कैच आउट रहा। बाकी के तीन विकेट रविचंद्रन अश्विन ने लिए। सुंदर ने रचिन रवींद्र, डेरिल मिचेल, टॉम ब्लंडेल, ग्लेन फिलिप्स, टिम साउदी, एजाज पटेल और मिचेल सैंटनर को आउट किया है। वहीं, अश्विन ने कप्तान टॉम लाथम, विल यंग और डेवोन कॉनवे को पवेलियन भेजा।