भारत और न्यूजीलैंड के बीच जारी पहले टेस्ट मुकाबले के तीसरे दिन विराट कोहली ने बड़ा कारनामा किया। उन्होंने टेस्ट में 9000 रन पूरे कर लिए। ऐसा करने वाले किंग कोहली भारत के चौथे बल्लेबाज बन गए। बता दें कि, बंगलूरू में जारी टेस्ट मुकाबले की पहली पारी में किंग कोहली तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए उतरे थे। इस दौरान वह अपना खाता भी नहीं खोल पाए थे। हालांकि, दूसरी पारी में उनका बल्ला जमकर गरज रहा है।
न्यूजीलैंड के खिलाफ दाएं हाथ के बल्लेबाज जबरदस्त फॉर्म में नजर आए। दूसरी पारी में तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए आए कोहली ने 42वें ओवर में खास उपलब्धि हासिल की। वह सचिन तेंदुलकर, राहुल द्रविड़ और सुनील गावस्कर के बाद ऐसा करने वाले चौथे बल्लेबाज बन गए। इसके लिए उन्होंने 197 पारियों का सहारा लिया। भारत की दूसरी पारी में 35 वर्षीय बल्लेबाज ने शानदार वापसी की और 70 रनों की पारी खेली। इस दौरान उन्होंने आठ चौके और एक छ्क्का लगाया। इस दौरान उन्होंने तीसरे विकेट के लिए सरफराज खान के साथ 136 रनों की साझेदारी निभाई।
इस मैच से पहले कोहली के टेस्ट क्रिकेट में 8947 रन थे। उन्हें 9000 रन पूरा करने से सिर्फ 53 रन दूर थे। अब पूर्व कप्तान ने पारी के 42वें ओवर में 53* रन बनाकर यह रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। वह टेस्ट में सबसे धीमे 9000 रन पूरे करने वाले बल्लेबाज बन गए। राहुल द्रविड़ इस मामले में शीर्ष पर हैं। उन्होंने 2006 में 176 पारियों में यह कारनामा किया था।
सबसे तेज 9000 रन बनाने वाले भारतीय बल्लेबाज
राहुल द्रविड़ - 176 पारियां
सचिन तेंदुलकर - 179 पारियां
सुनील गावस्कर - 192 पारियां
विराट कोहली - 196 पारियां
पिछली 10 टेस्ट पारियों में कोहली के बल्ले से यह पहला अर्धशतक आया है। दिसंबर, 2023 में उन्होंने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 76 रनों की दमदार पारी खेली थी। इसके बाद से उन्होंने कोई अर्धशतक नहीं जड़ा था। शुक्रवार को कोहली ने न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट मुकाबले में इस साल का पहला पचासा जड़ा।