भारत और न्यूजीलैंड के बीच सीरीज के दूसरे मैच में कीवी टीम की कप्तानी करने वाले टॉम लाथम ने भारतीय गेंदबाजों की तारीफ की है। उन्होंने कहा कि भारत ने हमारे साथ वहीं किया जो हम दुनिया की बाकी टीमों के साथ करते आए हैं। कानपुर टेस्ट में पुछल्ले बल्लेबाजों की बदौलत मैच ड्रॉ कराने वाले न्यूजीलैंड के लिए दूसरे टेस्ट में कुछ भी काम नहीं आया। यह मैच 372 रन से हारने के साथ ही कीवी टीम सीरीज भी 1-0 से हार गई। टेस्ट में न्यूजीलैंड की यह सबसे बड़ी हार है।
इस मैच में न्यूजीलैंड के नियमित कप्तान केन विलियमसन नहीं खेल रहे थे और लाथम उनकी जगह टीम की कमान संभाल रहे थे। इस बड़ी हार के बाद उन्होंने कहा उनके लिए कुछ भी काम नहीं कर रहा था। क्रिकेट में यह होता रहता है। हमने कई टीमों के साथ ऐसा किया है और दुर्भाग्य से इस बार हमारी बारी थी। हम जैसा चाहते थे, चीजें वैसी नहीं हुई। मुंबई टेस्ट की पहली पारी को छोड़कर पूरी सीरीज में कीवी बल्लेबाजों ने शानदार खेल दिखाया। उन्होंने कहा कि उनका प्लान स्पिन के खिलाफ आक्रामक बल्लेबाजी करने का था, लेकिन यह काम नहीं आया।
गेंदबाजों पर दबाव बनाना चाहते थे टेलर
लाथम ने टेलर की बल्लेबाजी पर कहा कि वो गेंदबाजों पर दबाव बनाकर खेलना पसंद करते हैं। टेस्ट सीरीज में भी उन्होंने यही कोशिश की। हालांकि उनका प्लान काम नहीं आया। भारती स्पिनर्स पर उन्होंने कहा आप इन हालातों में उन्हें आसानी से गेंदबाजी नहीं करने दे सकते। वो काफी बेहतर गेंदबाज हैं, उनकी लाइन लेंथ सटीक है और वो आपको रन बनाने का मौका नहीं देते हैं। हमने उनके ऊपर थोड़ा दबाव बनाने की कोशिश की ताकि हमारे पास ज्यादा फील्डर न हों, लेकिन हम कामयाब नहीं हुए। वहीं 62 रन पर टीम के सिमटने पर उन्होंने कहा कि हमेशा ऐसा नहीं होता है।
रवींद्र, यंग और एजाज की तारीफ की
लाथम ने रचिंद्र रवींद्र, एजाज पटेल और ओपनर विल यंग की तारीफ करते हुए कहा कि पूरी सीरीज में इन खिलाड़ियों ने जिस तरह का योगदान दिया वह अभूतपूर्व था। आप इन देशों में जितना खेलते हैं, उतना ही बेहतर होते हैं। वहीं टी-20 वर्ल्डकप के बाद सीधे भारत का दौरा कराने पर उन्होंने कहा कि टी-20 टीम के कई खिलाड़ी लंबे समय से घर से बाहर हैं, लेकिन अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में यह हमारा काम होता है।
न्यूजीलैंड अब बांग्लादेश के खिलाफ दो टेस्ट मैचों की घरेलू सीरीज खेलेगा।