युजवेंद्र चहल द्वारा शेयर की गई तस्वीर
- फोटो : सोशल मीडिया
भारत और न्यूजीलैंड के बीच तीन वनडे मैचों की सीरीज का आखिरी मुकाबला इंदौर में मंगलवार (24 जनवरी) को खेला जाएगा। टीम इंडिया सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त हासिल कर चुकी है। उसने हैदराबाद और रायपुर में खेले गए दो मैचों में क्रमश: 12 रन और आठ विकेट से जीत हासिल की। इंदौर में भारत की नजर सीरीज में क्लीन स्वीप करने पर होगी। उससे पर स्पिनर युजवेंद्र चहल द्वारा सोशल मीडिया पर शेयर किए गए एक फोटो ने सनसनी मचा दी।
चहल ने रायपुर से इंदौर जाते समय एक साथी की चौंकाने वाली तस्वीर इंस्टाग्राम स्टोरी में शेयर की। उन्होंने लिखा, ''ट्रैवल पार्टनर।'' यह पढ़ने के बाद लोग हैरान हो गए। लोग यह पता लगाने में जुट गए कि यह ''ट्रैवल पार्टनर'' आखिर कौन है। जल्द ही यह पता चल गया कि वह भारत के बाएं हाथ के स्पिनर कुलदीप यादव की तस्वीर है।
चहल ने फिल्टर की मदद से बदली कुलदीप की तस्वीर
दरअसल, युजवेंद्र चहल और कुलदीप यादव के बीच अच्छी दोस्ती है। चहल ने इंस्टाग्राम पर फिल्टर की मदद से कुलदीप की तस्वीर को बदल दिया। इससे कुछ लोग हैरान रह गए कि यह महिला कौन है। न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज में कुलदीप यादव ने दो मैचों में तीन विकेट लिए हैं। उन्हें इससे पहले श्रीलंका के खिलाफ सीरीज में भी खेलने का मौका मिला था। कुलदीप ने दो मैचों में तब पांच विकेट अपने नाम किए थे।
दूसरे वनडे में क्या हुआ था?
दूसरे वनडे मैच की बात करें तो भारतीय टीम के कप्तान रोहित शर्मा ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। भारतीय गेंदबाजों ने रायपुर की नई पिच पर कहर बरपाते हुए न्यूजीलैंड को 34.3 ओवर में 108 रन पर समेट दिया। रायपुर में भारतीय टीम पहली बार अंतरराष्ट्रीय मैच में खेली। यहां कि पिच टीम इंडिया के गेंदबाजों के लिए स्वर्ग साबित हुई। भारत ने 20.1 ओवर में दो विकेट पर 111 रन बनाकर मैच को जीत लिया।