प्रैक्टिस सेशन के दौरान टीम इंडिया
- फोटो : सोशल मीडिया
भारत और न्यूजीलैंड के बीच बुधवार से शुरू हो रही टी-20 सीरीज के लिए टीम इंडिया तैयार है। बुधवार को जयपुर में पहला टी-20 खेला जाएगा। इससे पहले भारत की युवा टीम जमकर प्रैक्टिस करती नजर आई। नए कप्तान रोहित शर्मा और नए कोच राहुल द्रविड़ इस दौरान अपने खिलाड़ियों को दिशा निर्देश देते देखे गए। इस सीरीज के लिए भारतीय टीम में युवा खिलाड़ियों को शामिल किया गया है। नए चेहरों में वेंकटेश अय्यर, हर्षल पटेल और आवेश खान हैं।
प्रैक्टिस सेशन के दौरान द्रविड़ युवा खिलाड़ियों से बातचीत करते नजर आए। इसकी तस्वीर भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने अपने ट्वीटर हैंडल पर भी शेयर किया है। रोहित अपनी बल्लेबाजी के साथ-साथ खिलाड़ियों को गाइड करते नजर आए। बीसीसीआई ने इसके कैप्शन में लिखा है- नए रोल, नए चैलेंज और नई शुरुआत। प्रैक्टिस के पहले दिन नए कोच द्रविड़ और नए टी-20 कप्तान रोहित के अंदर टीम इंडिया में जोश दिखा।
वीडियो में द्रविड़ खिलाड़ियों को थ्रो डाउन करते दिखे। वहीं, रोहित बैटिंग प्रैक्टिस के दौरान लंबे-लंबे छक्के लगाते दिखे। बुधवार को पहले टी-20 के बाद टीम इंडिया 19 नवंबर को रांची में दूसरा और 21 नवंबर को कोलकाता में तीसरा टी-20 खेलेगी। इसके बाद दो टेस्ट मैचों की सीरीज खेली जाएगी। पहले टेस्ट के लिए अजिंक्य रहाणे कप्तान बनाए गए हैं। वहीं, दूसरे टेस्ट में विराट कोहली वापसी करेंगे और कप्तानी संभालेंगे।