शुभमन गिल-गौतम गंभीर
- फोटो : PTI
डब्ल्यूटीसी फाइनल की रेस में भारत के लिए अहम है सीरीज
भारतीय टीम के लिए न्यूजीलैंड के खिलाफ यह टेस्ट सीरीज सिर्फ दो मुकाबलों की चुनौती नहीं है, बल्कि वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल तक पहुंचने के लिहाज से भी बेहद महत्वपूर्ण है। डब्ल्यूटीसी अंक तालिका में भारत चौथे स्थान पर है। ऐसे में टीम के पास अब अंक गंवाने की ज्यादा गुंजाइश नहीं है। न्यूजीलैंड के खिलाफ दोनों टेस्ट जीतने से भारत की फाइनल में पहुंचने की संभावनाएं मजबूत होंगी। इसके बाद टीम को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ घरेलू टेस्ट सीरीज भी खेलनी है। अगर भारतीय टीम न्यूजीलैंड में अंक गंवाती है तो फाइनल की राह मुश्किल हो सकती है। यही वजह है कि शुभमन गिल की टीम इस दौरे को पूरी गंभीरता से लेना चाहेगी।
शुभमन गिल
- फोटो : ANI
न्यूजीलैंड की धरती पर भारत का रिकॉर्ड कैसा?
न्यूजीलैंड में टेस्ट क्रिकेट खेलना भारतीय टीम के लिए हमेशा चुनौतीपूर्ण रहा है। खासकर वहां की तेज हवा, बादलों वाला मौसम और पिच से मिलने वाली सीम मूवमेंट भारतीय बल्लेबाजों की परीक्षा लेते हैं। भारत ने न्यूजीलैंड की धरती पर अपना पिछला टेस्ट मैच 2009 में जीता था। हैमिल्टन में महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी में भारतीय टीम ने मेजबान टीम को 10 विकेट से हराया था। इसके बाद से भारत को न्यूजीलैंड में टेस्ट जीत का इंतजार है। पिछले पांच दशकों में भारतीय टीम न्यूजीलैंड में सिर्फ एक टेस्ट जीत सकी है। ऐसे में इस बार शुभमन गिल के सामने इतिहास बदलने की चुनौती भी होगी।
मैट हेनरी
- फोटो : ANI
शानदार फॉर्म में है न्यूजीलैंड की टीम
मेजबान न्यूजीलैंड की टीम इस समय अच्छे फॉर्म में है। हाल ही में उसने इंग्लैंड के खिलाफ उसी की धरती पर तीन मैचों की टेस्ट सीरीज 2-1 से अपने नाम की थी। सीरीज की शुरुआत में पिछड़ने के बावजूद न्यूजीलैंड ने शानदार वापसी की। उसकी जीत में तेज गेंदबाजों के अनुशासित प्रदर्शन और बल्लेबाजों की धैर्यपूर्ण पारियों की अहम भूमिका रही। न्यूजीलैंड की टीम अपनी घरेलू परिस्थितियों को अच्छी तरह समझती है। ऐसे में भारत के खिलाफ भी उसका सबसे बड़ा हथियार तेज गेंदबाजी होगी।
मैट हेनरी
- फोटो : ANI
मैट हेनरी से भारतीय बल्लेबाजों को रहना होगा सावधान
न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज मैट हेनरी भारतीय बल्लेबाजी के सामने सबसे बड़ी चुनौती बन सकते हैं। वनडे सीरीज में भी उन्होंने अपनी गेंदबाजी से प्रभावित किया था। हेनरी नई गेंद से स्विंग हासिल करने के साथ सही लाइन और लेंथ पर लगातार गेंदबाजी करने में माहिर हैं। बेसिन रिजर्व की परिस्थितियों में उनकी गेंदबाजी और ज्यादा खतरनाक हो सकती है। इसके अलावा न्यूजीलैंड के पास काइल जैमीसन, जैकब डफी, नाथन स्मिथ और ब्लेयर टिकनर जैसे तेज गेंदबाजी विकल्प भी हैं। यानी भारतीय बल्लेबाजों को पांचों दिन अनुशासन के साथ बल्लेबाजी करनी होगी।
ऋषभ पंत
- फोटो : IANS
ऋषभ पंत की वापसी से भारत को मिलेगी मजबूती
भारतीय टीम के लिए विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत की वापसी अहम होगी। पंत अपनी आक्रामक बल्लेबाजी से मैच का रुख बदलने की क्षमता रखते हैं। हालांकि, हाल के महीनों में चोट के कारण उनका प्रतिस्पर्धी क्रिकेट में समय सीमित रहा है। ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा कि वह न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाजों के सामने किस तरह बल्लेबाजी करते हैं। पंत के अलावा शुभमन गिल, यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल और साई सुदर्शन पर भी बड़ी जिम्मेदारी होगी। भारतीय बल्लेबाजी को शुरुआती ओवरों में विकेट बचाकर खेलना होगा, क्योंकि नई गेंद से न्यूजीलैंड के गेंदबाज काफी खतरनाक साबित हो सकते हैं।
गुरनूर बराड़
- फोटो : ANI
गेंदबाजी संयोजन पर रहेगी नजर
भारतीय टीम की प्लेइंग इलेवन में तेज गेंदबाजों का चयन काफी अहम रहने वाला है। जसप्रीत बुमराह भारतीय आक्रमण की अगुआई करेंगे। उनके साथ मोहम्मद सिराज, आकाश दीप, प्रसिद्ध कृष्णा, गुरनूर बराड़ और अंशुल कंबोज में से खिलाड़ियों को मौका मिल सकता है। वहीं, रवींद्र जडेजा सातवें नंबर पर बल्लेबाजी के साथ स्पिन गेंदबाजी की जिम्मेदारी संभाल सकते हैं। टीम के पास वॉशिंगटन सुंदर और नीतीश कुमार रेड्डी जैसे ऑलराउंडर विकल्प भी मौजूद हैं। वेलिंगटन की परिस्थितियों को देखते हुए भारत के लिए सही तेज गेंदबाजी संयोजन चुनना मैच के नतीजे पर असर डाल सकता है।
शुभमन गिल
- फोटो : ANI
कैसी होगी वेलिंगटन की पिच?
बेसिन रिजर्व की पिच को आमतौर पर तेज गेंदबाजों के अनुकूल माना जाता है। यहां अक्सर हरी घास वाली पिच देखने को मिलती है, जिस पर शुरुआती दो दिनों में गेंद को अच्छी सीम मूवमेंट मिल सकती है। हालांकि, इस मैदान की खासियत यह भी है कि कभी-कभी शुरुआती सत्र के बाद पिच बल्लेबाजी के लिए आसान हो जाती है। ऐसे में पहली पारी में बल्लेबाजों के लिए रन बनाना मुश्किल हो सकता है, जबकि दूसरी पारी में बल्लेबाजी अपेक्षाकृत आसान होने की संभावना रहती है। इस मैदान पर हवा की भूमिका भी काफी अहम होती है। वेलिंगटन दुनिया के सबसे तेज हवा वाले शहरों में शामिल है। यहां उत्तर-दक्षिण दिशा में चलने वाली हवा गेंदबाजों के साथ बल्लेबाजों और फील्डरों को भी प्रभावित कर सकती है।
टॉम लाथम
- फोटो : ANI
कैसा रहेगा वेलिंगटन का मौसम?
मुकाबले से पहले वेलिंगटन में कुछ दिनों तक हल्की बारिश और बूंदाबांदी हुई है। हालांकि, टेस्ट के शुरुआती दिन मौसम साफ रहने का अनुमान है। दिन के समय तापमान लगभग 15 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। मैच के आखिरी दो दिनों में बादल छाए रहने की संभावना है। बादलों की मौजूदगी तेज गेंदबाजों के लिए फायदेमंद साबित हो सकती है।
मोहम्मद सिराज
- फोटो : ANI
कब और कहां खेला जाएगा भारत-न्यूजीलैंड पहला टेस्ट?
- मैच: भारत बनाम न्यूजीलैंड, पहला टेस्ट
- सीरीज: दो टेस्ट मैचों की सीरीज
- तारीख: 19 से 23 नवंबर
- दिन: गुरुवार से सोमवार
- समय: सुबह 3:30 बजे (भारतीय समयानुसार)
- टॉस: सुबह 3:00 बजे
- मैदान: बेसिन रिजर्व, वेलिंगटन (न्यूजीलैंड)
जसप्रीत बुमराह
- फोटो : ANI
टीवी और मोबाइल पर कहां देख सकेंगे लाइव मैच?
- भारत और न्यूजीलैंड के बीच पहले टेस्ट का लाइव प्रसारण सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क (Sony Sports Network) के चैनलों पर किया जाएगा।
- टीवी पर: सोनी टेन 1 (Sony Ten 1) और सोनी टेन 3 (Sony Ten 3)
- मोबाइल पर लाइव स्ट्रीमिंग: सोनी लिव ऐप (Sony LIV)
- आप Amarujala.com पर भी मैच से जुड़े लाइव अपडेट्स पढ़ सकते हैं।
टॉम लाथम-शुभमन गिल
- फोटो : ANI
पहले टेस्ट के लिए दोनों टीमें
- भारतीय टीम: शुभमन गिल (कप्तान), यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल (उपकप्तान), देवदत्त पडिक्कल, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), रवींद्र जडेजा, अंशुल कंबोज, जसप्रीत बुमराह, प्रसिद्ध कृष्णा, आकाश दीप, साई सुदर्शन, नीतीश कुमार रेड्डी, वॉशिंगटन सुंदर, मोहम्मद सिराज और गुरनूर बराड़।
- न्यूजीलैंड टीम: टॉम लाथम (कप्तान), टॉम ब्लंडेल (विकेटकीपर), डेवोन कॉनवे, जैकब डफी, डीन फॉक्सक्रॉफ्ट, मैट हेनरी, काइल जैमीसन, डेरिल मिचेल, हेनरी निकोल्स, ग्लेन फिलिप्स, रचिन रवींद्र, नाथन स्मिथ, ब्लेयर टिकनर और विल यंग।