भारत और इंग्लैंड के बीच 22 जनवरी से शुरू होने वाली पांच मैचों की टी20 सीरीज के लिए टीम इंडिया का एलान हो गया। शनिवार को बीसीसीआई ने 15 सदस्यीय स्क्वॉड की घोषणा की जिसमें ईशान किशन को मौका नहीं मिला। वह एक बार फिर चयनकर्ताओं का दिल जीतने में नाकाम रहे। अब स्टार खिलाड़ी के प्रशंसकों ने बोर्ड के इस फैसले पर सवाल खड़े किए हैं।
ईशान किशन को क्यों नहीं मिल रहा मौका?
इंग्लैंड के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए बीसीसीआई ने संजू सैमसन और ध्रुव जुरेल को बतौर विकेटकीपर बल्लेबाज टीम में शामिल किया, जबकि ईशान किशन को एक बार फिर नजरअंदाज कर दिया गया। उन्हें दक्षिण अफ्रीका दौरे पर भी टीम में शामिल नहीं किया गया था। उन्हें आखिरी बार भारत के लिए नवंबर, 2023 में टी20 मुकाबला खेलते देखा गया था। वह बीसीसीआई के केंद्रीय अनुबंध का भी हिस्सा नहीं हैं।
घरेलू क्रिकेट में गरजे ईशान
फिलहाल बिहार का यह बल्लेबाज घरेलू क्रिकेट में खेलता दिख रहा है। हाल ही में उन्होंने विजय हजारे ट्रॉफी में मणिपुर के खिलाफ खेले गए मैच में महज 78 गेंदों में 134 रनों की शानदार पारी खेली थी। उनकी इस पारी की बदौलत ही उनकी टीम ने 28.3 ओवर में 254 रन का लक्ष्य हासिल कर लिया था। वहीं, सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में भी उनका बल्ला जमकर गरजा। उन्होंने छह पारियों में 167.70 के स्ट्राइक रेट से 161 रन बनाए। इनमें एक अर्धशतक भी शामिल है।
जुरेल को मिली तरजीह
ईशान किशन के टी20 करियर पर नजर डालें तो उन्होंने 32 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 124.37 के स्ट्राइक रेट से 796 रन बनाए हैं। इनमें छह अर्धशतक शामिल हैं। चयनकर्ताओं ने ध्रुव जुरेल को जितेश शर्मा की जगह टीम में शामिल किया है। जुरेल ने अब तक भारत के लिए सिर्फ दो मुकाबले खेले हैं। ईशान किशन के फैंस को बीसीसीआई का ये फैसला कुछ रास नहीं आया।
देखें फैंस के रिएक्शंस...