एडिलेड में एक रेस्टोरेंट का नाम 'ब्रिटिश राज' है। भारतीय टीम ने यहां रात्रि भोज का आनंद उठाया। टीम इंडिया को ऑस्ट्रेलिया की जमीन पर कदम रखने के बाद से लगातार यात्राएं करनी पड़ी हैं। अब टी20 वर्ल्ड कप अपने अंतिम चरण में है। टूर्नामेंट में कुल तीन मुकाबले ही बाकी हैं। टीम इंडिया के खिलाड़ियों ने मैच से पहले भारतीय रेस्टोरेंट में अपना पसंदीदा खाना खाया।
बीसीसीआई के एक वरिष्ठ अधिकारी ने समाचार एजेंसी पीटीआई से कहा, ''टीम को आराम करने और बड़े टूर्नामेंट में दबाव से ध्यान हटाने का अधिक मौका नहीं मिला है। मुकाबलों के बीच समय मुश्किल से ही निकल पाया है। ऑस्ट्रेलिया में भी काफी उड़ानें लेनी पड़ी हैं, इसलिए एडिलेड में तीन दिन आरामदायक रहे हैं। खिलाड़ियों ने अपनी पत्नियों और प्रेमिकाओं के साथ रात्रि भोजन का आनंद उठाया।''
ये भी पढ़ें: T20 World Cup: सेमीफाइनल से पहले टीम इंडिया को बड़ा झटका, कप्तान रोहित शर्मा हुए चोटिल
टोरेन्सविले की हेन्ली बीच रोड पर स्थित यह रेस्टोरेंट अपने चिकन टिक्का, कश्मीरी पुलाव और रोगन जोश के लिए जाना जाता है। टूर्नामेंट की शुरुआत में टीम इंडिया को खाने की समस्याओं का सामना करना पड़ा था। सिडनी में अभ्यास के दौरान भारतीय खिलाड़ियों को ठंडा खाना परोसा गया था। भारतीय खिलाड़ी उस वाकये को भुलाकर आगे बढ़ गए और अब तक शानदार प्रदर्शन किया है।
ये भी पढ़ें: T20 WC: टी20 विश्व कप में अब तक स्टार रहे हैं ये खिलाड़ी, कोहली-सूर्या हमेशा चमके तो राहुल अहम मौके पर चले
रोहित शर्मा की कप्तानी में टीम इंडिया जब गुरुवार को मैदान पर उतरेगी तो उसकी नजर फाइनल के टिकट पर होगी। भारत अगर सेमीफाइनल में इंग्लैंड को हरा देता है तो वह तीसरी बार टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल में पहुंचेगा। 2007 में उसने पाकिस्तान को खिताबी मुकाबले में हराया था। वहीं, 2014 में टीम इंडिया को श्रीलंका के हाथों हार का सामना करना पड़ा था।