मैच से ठीक एक दिन पहले इंग्लिश कप्तान जो रूट ने नए सिरे से तैयार मोटेरा स्टेडियम की सराहना करते हुए इसे शानदार मैदान बताया। उन्होंने कहा, 'यह बेजोड़ स्टेडियम है। मुझे यकीन है कि यहां आगामी वर्षों में शानदार क्रिकेट देखने को मिलेगा। उम्मीद करता हूं कि यहां के विकेट पर अच्छा क्रिकेट होगा। मुझे यकीन है कि माहौल शानदार होगा।'
हम दोनों मैच जीतने की कोशिश करेंगे- विराट
मैच की पूर्व संध्या पर कोहली ने कहा, 'हमारी नजरें एक मैच जीतने और एक ड्रॉ कराने पर नहीं हैं। हम दोनों मैच जीतने की कोशिश करेंगे। हमारे लिए यह क्रिकेट के दो मुकाबले हैं और हमारा ध्यान सिर्फ इसी पर है। इसके बाद जो होगा वह बाद की बात है।'
स्टेडियम में 110000 दर्शकों को बैठाने की क्षमता है और लगभग 50000 दर्शकों को स्टेडियम में उपस्थित रहने की स्वीकृति होगी। कोहली ने कहा कि दर्शकों की मौजूदगी बड़ा अंतर पैदा करेगी। उन्होंने कहा, 'दर्शकों ने हमारा काफी समर्थन किया और हमने दूसरे टेस्ट में ऐसा देखा, आपको पता है कि इससे विरोधी टीम दबाव महसूस करती है।'
चार मैचों की सीरीज फिलहाल 1-1 से बराबर
बात करें टेस्ट सीरीज की तो फिलहाल दोनों टीमें 1-1 की बराबरी पर है। शुरुआती दो टेस्ट चेन्नई में खेले गए थे। पहला मैच इंग्लैंड ने 227 रन तो दूसरा टेस्ट मेजबान भारत ने 317 रन के रिकॉर्ड अंतर से जीता था। यह टीम इंडिया की रनों के लिहाज से इंग्लैंड पर सबसे बड़ी जीत थी।