आईसीसी विश्ट टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल में भारत को केन विलियमसन की कप्तानी वाली न्यूजीलैंड की टीम ने भले ही 8 विकेट से हराया हो। लेकिन भारत के पूर्व महान बल्लेबाज सुनील गावस्कर के विचार अलग हैं। उनका कहना है कि भारत को इंग्लैंड के खिलाफ खेली जाने वाली पांच टेस्ट मैचों की सीरीज में चिंता करने की जरूरत नहीं हैं। गावस्कर की मानें तो पहले सत्र में अगर जेम्स एंडरसन और स्टुअर्ट ब्रॉड सफल नहीं हुए तो फिर भारत के लिए बेहतर होगा।
गावस्कर के मुताबिक, उस समय तक पिच सूखी होंगी और इंग्लैंड के करिश्माई गेंदबाज जेम्स एंडरसन और स्टुअर्ट ब्रॉड अगर पहले सत्र में विकेट नहीं ले पाए तो वे ज्यादा असरदार साबित नहीं होंगे। टेलीग्राफ के लिए लिखे कॉलम में सुनील गावस्कर ने कहा, भारतीय बल्लेबाजों को इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज के लिए बहुत चिंतित नहीं होना चाहिए क्योंकि परिस्थितियां बल्लेबाजी के लिए अधिक अनुकूल होंगी।
उन्होंने आगे कहा, भारतीय बल्लेबाजों को अगस्त-सितंबर में इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज के बारे में चिंता करने की ज़रूरत नहीं है क्योंकि तब तक सूरज निकल चुका होगा और पिचें सूखी होंगी और सबसे बड़ी बात अगर जिमी एंडरसन और स्टुअर्ट ब्रॉड अपने पहले स्पेल में विकेट नहीं लेते हैं वे दोनों अगले स्पेल में संघर्ष करते हैं।
गावस्कर ने लिखा, भारतीय खिलाड़ियों को निराश नहीं होना चाहिए बल्कि इस निराशा का उपयोग दृढ़ संकल्प को बढ़ावा देने और बदलाव लाने के लिए करना चाहिए। उन्होंने कहा, इंग्लैंड के ग्रीष्मकालीन सत्र की शुरूआत भारत के लिए निराशाजनक रही है, लेकिन जब निराशा दृढ़ संकल्प को बढ़ावा देती है तो इससे भाग्य बदल सकता है। भारत की इस प्रतिभाशाली टीम को यही रवैया अपनाने की जरूरत है।
भारत और इंग्लैंड के बीच खेली जाने वाली पांच टेस्ट मैचों की सीरीज की शुरुआत 4 अगस्त से होगी। पिछले दौरे की बात करें तो विराट कोहली की कप्तानी वाली टीम इंडिया को इंग्लिश टीम के खिलाफ 4-1 की हार का सामना करना पड़ा था।