इंग्लैंड के पूर्व कप्तान नासिर हुसैन ने उन आरोपों का खंडन किया है जिनमें कहा गया है कि भारत मैनचेस्टर टेस्ट रद्द करने का जिम्मेदार है। उनका कहना है कि ओल्ड ट्रैफर्ड में खेले जाने वाले पांचवें टेस्ट को रद्द होने में भारत का दोष नहीं है। भारतीय कैंप में कोरोना की एंट्री के चलते सीरीज का अंतिम मैच कैंसिल होने के बाद बीसीसीआई आईपीएल कराने के लिए तैयार है। इंग्लैंड के कई पूर्व क्रिकेटरों ने मैच रद्द होने के लिए भारतीय टीम और आईपीएल को जिम्मेदार ठहराया है। जबकि पूर्व कप्तान नासिर हुसैन का मानना अलग है।
आईपीएल पर लगाया आरोप
माइकल वॉन और स्टीव हार्मिसन समेत इंग्लैंड के कई पूर्व क्रिकेटरों ने निगेटिव रिपोर्ट के बावजूद मैनचेस्टर में भारतीय क्रिकेटरों के न खेलने के लिए आईपीएल को जिम्मेदार ठहराया है। हालांकि इंग्लैंड के पूर्व कप्तान नासिर हुसैन का मानना अलग है। उनका कहना है कि भारत ओल्ड ट्रैफर्ड टेस्ट मैच रद्द होने का खलनायक नहीं है।
व्यस्त कार्यक्रम जिम्मेदार
नासिर हुसैन ने डेली मेल के अपने कॉलम में लिखा, शुक्रवार को मैनचेस्टर टेस्ट को लेकर असाधारण घटनाओं के दौरान जिन लोगों से मुझे सबसे ज्यादा खेद हुआ वह हमारे खेल समूह से थे, जो काफी सम्माननीय और प्रशंसक थे, मैनचेस्टर टेस्ट के रद्द होने के लिए भारत नहीं बल्कि व्यस्त कार्यक्रम जिम्मेदार था। नासिर ने आगे कहा, रद्द किए गए टेस्ट का उन हजारों दर्शकों पर प्रभाव पड़ेगा जिन्होंने सीरीज में दो अच्छी टीमों के बीच मुकाबला देखने के लिए मैनचेस्टर का रुख किया था।
तुरंत टेस्ट मैच रिशेड्यूल करना संभव नहीं
इंग्लैंड के पूर्व कप्तान नासिर हुसैन ने कहा कि मैनचेस्टर टेस्ट मैच को तुरंत रिशेड्यूल करना आसान नहीं था। उन्होंने कहा, यह तथ्य कि आईपीएल पांचवें टेस्ट के निर्धारित अंत के ठीक चार दिन बाद शुरू होने वाला था, जिसके चलते मैच को रिशेड्यूल करना असंभव था।