अभिषेक की पारी पर युवराज की प्रतिक्रिया
अभिषेक की पारी के बाद युवराज ने ट्वीट करते हुए लिखा, 'क्या शानदार खेले अभिषेक! यही करते हुए मैं तुम्हें देखना चाहता हूं। मुझे तुम पर गर्व है।' जब भी अभिषेक शर्मा अच्छा प्रदर्शन करते हैं तो युवराज ट्वीट करने से नहीं कतराते हैं। इससे पहले जब अभिषेक ने पहले टी20 में 34 गेंदों पर 79 रन बनाए थे तो युवराज ने व्यंग्यात्मक अंदाज में ट्वीट किया था। उन्होंने लिखा था, 'सीरीज में लड़कों के लिए अच्छी शुरुआत! हमारे गेंदबाजों द्वारा सेट किए टोन को हमारे बल्लेबाजों ने अच्छी तरह निभाया। अभिषेक शर्मा, अच्छी पारी!! मैं प्रभावित हूं कि आपने डाउन द ग्राउंड दो बाउंड्रीज लगाईं।' 24 वर्षीय अभिषेक ने मुंबई में सिर्फ 17 गेंदों में अपना अर्धशतक बनाया और फिर सिर्फ 37 गेंदों में एक शानदार शतक पूरा किया। वह पारी के दौरान 10.1 ओवर में ही अपने शतक तक पहुंचे, जो टी20 क्रिकेट के इतिहास में सबसे तेज था।
वरुण के कैच पर गंभीर की प्रतिक्रिया
वहीं, गंभीर की प्रतिक्रिया भी खूब वायरल हो रही है। दरअसल, भारत ने आउटफील्ड में कुछ शानदार कैच लपके, लेकिन वरुण चक्रवर्ती के लॉन्ग-ऑन के प्रयास पर भारत के मुख्य कोच गौतम गंभीर प्रतिक्रिया देने से खुद को नहीं रोक सके। यह घटना आठवें ओवर की पहली गेंद पर हुई जब ब्राइडन कार्स ने अभिषेक की गेंद पर छक्का लगाने की कोशिश की, लेकिन वरुण ने सीमा रेखा के पास गेंद को पकड़ लिया। यह एक आसान कैच नहीं था क्योंकि वरुण को काफी मैदान कवर करना था। कैच पर प्रतिक्रिया देते हुए बाउंड्री के पास डगआउट पर बैठे गंभीर ने हैरतअंगेज प्रतिक्रिया दी। वह हाथ ऊपर कर कैच को सराहते दिखे। ऐसा इसलिए क्योंकि वरुण को भारत के सबसे अच्छे फील्डर्स में नहीं गिना जाता है। उन्होंने कई बार कैच ड्रॉप भी किए हैं। ऐसे में शायद गंभीर भी अच्छी फील्डिंग देखकर हैरान थे।