भारत और इंग्लैंड के बीच विशाखापत्तनम में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट मैच के चौथे दिन का खेल जारी है। मुकाबला रोमांचक स्थिति में पहुंच गया है। हालांकि, चौथे दिन मैदान पर उतरते ही टीम इंडिया को झटका लगा, जब शुभमन गिल मैदान पर फील्डिंग के लिए नहीं उतरे। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने इस बारे में अपडेट दिया है। बोर्ड ने बताया है कि चौथे दिन शुभमन फील्डिंग के लिए उतरेंगे ही नहीं।
बीसीसीआई ने अपडेट देते हुए कहा कि शुभमन को मैच के दूसरे दिन फील्डिंग करते वक्त तर्जनी अंगुली (इंडेक्स फिंगर) में चोट लगी थी। इस वजह से वह चौथे दिन फील्डिंग के लिए नहीं उतरेंगे। शुभमन पिछले कुछ समय से स्लिप में टीम इंडिया के सर्वश्रेष्ठ फील्डर रहे हैं। ऐसे में भारतीय टीम ने अपने बेस्ट स्लिप कैचर को बाकी बचे मैच के लिए खो दिया है। उनकी चोट की स्थिति कैसी है इस पर आगे के तीन मुकाबलों में उन्हें चुनने पर फैसला लिया जाएगा। चयनकर्ता जल्द ही बाकी बचे तीन टेस्ट के लिए टीम की घोषणा कर सकते हैं।