पंत ने राहुल ने जड़े शतक
भारत की दूसरी पारी 364 रन पर ऑलआउट हो गई। भारत ने केएल राहुल और ऋषभ पंत के शतकों से 370 रनों की बढ़त हासिल की और इंग्लैंड के सामने 371 रनों का लक्ष्य रखा। भारत के लिए दूसरी पारी में पंत और राहुल ने चौथे विकेट के लिए 195 रनों की साझेदारी की जिससे टीम इंग्लैंड के सामने चुनौतीपूर्ण लक्ष्य रखने में सफल रही। हालांकि, पंत और राहुल के पवेलियन लौटने के बाद भारत की पारी लड़खड़ा गई और निचले क्रम के बल्लेबाज प्रभावित नहीं कर सके।
भारत ने चौथे दिन दो विकेट पर 90 रन से आगे खेलना शुरू किया था, लेकिन टीम ने शुरुआत में ही कप्तान शुभमन गिल का विकेट गंवा दिया था। इसके बाद पंत और राहुल ने शानदार बल्लेबाजी की और इंग्लैंड के गेंदबाजों को जमकर परेशान किया। टी ब्रेक से पहले भारत ने पंत का विकेट गंवाया जो 118 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद राहुल पारी को संभाल रहे, लेकिन वह भी 137 रन बनाकर आउट हो गए। राहुल के पवेलियन लौटती ही भारतीय बल्लेबाज रन बनाने के लिए संघर्ष करने लगे।
जोश टंग ने अपने एक ही ओवर में भारत को तीन झटके दिए। भारत ने अपने शेष छह विकेट 31 रन पर गंवा दिए। ऐसा ही पहली पारी में भी देखने मिला था जब भारत ने 41 रन पर अपने अंतिम सात विकेट गंवाए थे। पंत और राहुल के अलावा करुण नायर ने 20 और शार्दुल ठाकुर ने 4 रन बनाए, जबकि रवींद्र जडेजा 25 रन बनाकर नाबाद लौटे। मोहम्मद सिराज, जसप्रीत बुमराह और प्रसिद्ध कृष्णा खाता भी नहीं खोल सके। इंग्लैंड के लिए ब्रायडन कार्स और टंग ने तीन-तीन विकेट लिए, जबकि शोएब बशीर को दो विकेट मिले। वहीं, क्रिस वोक्स और बेन स्टोक्स को एक-एक विकेट मिले।