टी20 विश्व कप 2024 का 47वां मुकाबला भारत और बांग्लादेश के बीच खेला जा रहा है। इस मैच में विराट कोहली ने अपनी फॉर्म में वापसी करते हुए बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। वह विश्व कप (वनडे और टी20) के इतिहास में 3000 रन बनाने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज बन गए हैं। इस मैच में उन्होंने 37 रनों की दमदार पारी खेली। इस दौरान उन्होंने एक चौका और तीन छक्के लगाए।
रोहित शर्मा-विराट कोहली
- फोटो : ICC/T20 World Cup
कोहली-रोहित ने भारत को दिलाई अच्छी शुरुआत
सुपर-8 में भारतीय टीम का सामना बांग्लादेश से हो रहा है। टीम इंडिया इस मैच में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी है। रोहित शर्मा और विराट कोहली ने भारत को अच्छी शुरुआत दिलाई। दोनों के बीच पहले विकेट के लिए 39 रनों की साझेदारी हुई। मौजूदा टूर्नामेंट में भारतीय सलामी जोड़ी के बीच हुई यह सबसे बड़ी साझेदारी है।
विराट कोहली
- फोटो : ICC/T20 World Cup
कोहली की फॉर्म में वापसी भारत के लिए अच्छा संकेत
इस मैच में किंग कोहली 37 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें तंजीम हसन साकिब ने नौवें ओवर की पहली गेंद पर बोल्ड किया। मौजूदा टूर्नामेंट में यह किंग कोहली के बल्ले से निकली सबसे बड़ी पारी है। इससे पहले अफगानिस्तान के खिलाफ उन्होंने 24 गेंदों में 24 रन बनाए थे। वहीं, ग्रुप स्टेज में उनका बल्ला खामोश रहा था। सेमीफाइनल से पहले विराट की फॉर्म में वापसी टीम इंडिया के लिए अच्छा संकेत है।
हार्दिक पांड्या
- फोटो : ICC/T20 World Cup
बांग्लादेश को मिला 197 रनों का लक्ष्य
उपकप्तान हार्दिक पांड्या के नाबाद अर्धशतक के दम पर भारत ने सुपर आठ चरण के अपने दूसरे मुकाबले में बांग्लादेश के सामने जीत के लिए 197 रनों का लक्ष्य रखा। बांग्लादेश ने टॉस जीतकर भारत को पहले बल्लेबाजी का न्योता दिया और टीम 20 ओवर में पांच विकेट पर 196 रन बनाने में सफल रही। भारत का इस विश्व कप में यह सर्वोच्च टोटल है। भारत के लिए हार्दिक ने 27 गेंदों पर नाबाद 50 रनों की पारी खेली और टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। बांग्लादेश के लिए तंजिम हसन साकिब और रिशाद हुसैन ने दो-दो विकेट झटके।
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत अच्छी रही, लेकिन कप्तान रोहित शर्मा इस साझेदारी को और बड़ी नहीं कर सके और शाकिब अल हसन की गेंद पर आउट हुए। रोहित का विकेट लेने के साथ ही शाकिब टी20 विश्व कप में 50 विकेट पूरे करने वाले पहले गेंदबाज बन गए। लगातार खराब फॉर्म में चल रहे विराट कोहली का बल्ला भी इस मैच में बोला और उन्होंने 24 गेंदों पर 36 रनों की पारी खेली। कोहली हार्दिक के बाद भारत के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले दूसरे बल्लेबाज रहे, लेकिन अर्धशतक से चूक गए। वहीं, शिवम दुबे ने हार्दिक पांड्या का अच्छा साथ निभाया और 24 गेंदों पर 34 रनों की पारी खेली। एक समय ऐसा लग रहा था कि भारतीय टीम 200 रन का स्कोर पार कर लेगी, लेकिन बांग्लादेश के गेंदबाज कुछ हद तक वापसी करने में सफल रहे।