पारी के दौरान अनुभवी ऑलराउंडर को अपने हेलमेट स्ट्रैप को चबाते हुए देखा गया। भारत के अलग-अलग गेंदबाजों को सामना करने में आ रही दिक्कतों की वजह से शाकिब ऐसा करते दिखे। शाकिब का ऐसा करना सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। फैंस उनके ऐसा करने के पीछे का कारण जानने में दिलचस्पी दिखा रहे हैं। पूर्व भारतीय क्रिकेटर दिनेश कार्तिक ने शाकिब की आदत के पीछे का कारण बताया। उन्होंने कमेंट्री के दौरान तमीम इकबाल द्वारा सुनाई गई कहानी का वर्णन किया। कार्तिक ने कहा कि तमीम ने उनसे कहा था कि ऐसा करने के पीछे का कारण यह है कि वह अपने सिर को लेग साइड की ओर गिरने से बचाने और अलग-अलग तरह की गेंदों का सामना करते समय सिर को सीधा रखने के लिए करते हैं।
शाकिब फिलहाल आंखों की समस्या या यूं कहें दृष्टि समस्याओं से जूझ रहे हैं और यहां तक कि इस साल की शुरुआत में लंदन में एक नेत्र रोग विशेषज्ञ से भी सलाह ली थी। इससे पहले उन्हें ग्लोबल टी20 कनाडा में बल्लेबाजी करते हुए अपनी जर्सी काटते हुए देखा गया था। शाकिब बांग्लादेश के एकमात्र खिलाड़ी नहीं हैं जो ये अजीबो गरीब हरकत करते हैं। इससे पहले उनके सलामी बल्लेबाज शादमान इस्लाम ने भी खुलासा किया था कि उनके कोच ने स्पिनरों का सामना करते समय उनके सिर को गिरने से बचाने के लिए अभ्यास में उन्हें गर्दन के चारों ओर एक कपड़ा पहनाया था।