भारत के अनुभवी बल्लेबाज विराट कोहली ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ विश्व कप के फाइनल में शानदार अर्धशतक लगाया। रविवार (19 नवंबर) को विश्व कप के फाइनल में कोहली ने 50 से ज्यादा रन बनाकर खास उपलब्धि हासिल कर ली। उन्होंने इस संस्करण में लगातार पांचवीं पारी में ऐसा किया है। उन्होंने दूसरी बार विश्व कप में ऐसा किया है। इससे पहले 2019 में विराट ने लगातार पांच पारियों में 50 या उससे अधिक रन बनाए थे। उनके अलावा स्टीव स्मिथ ही ऐसा कर पाए हैं। स्मिथ ने 2015 में यह उपलब्धि हासिल की थी।
कोहली ने सेमीफाइनल मैच में न्यूजीलैंड के खिलाफ 117 रन बनाए थे। वह विश्व कप के एक संस्करण में सेमीफाइनल और फाइनल मैच में 50 से अधिक रन बनाने वाले सातवें बल्लेबाज हैं। वह इस मामले में पाकिस्तान के पूर्व बल्लेबाज जावेद मियांदाद के क्लब में शामिल हो गए। मियांदाद ने 1992 में ऐसा किया था।
अरविंद डि सिल्वा और स्मिथ के क्लब में विराट
विश्व कप इतिहास में पहली बार एक ही संस्करण के सेमीफाइनल और फाइनल दोनों मैच में 50 या उससे अधिक रन बनाने वाले खिलाड़ी इंग्लैंड के माइक ब्रियरली थी। उन्होंने 1987 में ऐसा किया था। ऑस्ट्रेलिया के डेविड बून ने 1987, मियांदाद ने 1992, श्रीलंका के अरविंद डि सिल्वा ने 1996, न्यूजीलैंड के ग्रांट इलियट और ऑस्ट्रेलिया के स्टीव स्मिथ ने 2015 में ऐसा किया था।
कोहली का विश्व कप में शानदार प्रदर्शन
कोहली ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ फाइनल में 54 रन की पारी खेली। उन्होंने 63 गेंदों का सामना किया और चार चौके लगाए। कोहली ने इस विश्व कप में 11 मैचों में कुल 765 रन बनाए। उन्होंने 95.62 की औसत और 90.32 की स्ट्राइक रेट से रन बनाए। विराट ने इस विश्व कप में कुल तीन शतक लगाए। उन्होंने छह अर्धशतक भी लगाए।