इसके बाद बीसीसीआई ने भी अपडेट देते हुए कहा कि मुकेश ने गुवाहाटी में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीसरे टी20 मैच से पहले बीसीसीआई से भारतीय टीम से रिलीज करने का अनुरोध किया था। मुकेश की शादी हो रही है और उन्हें शादी के लिए छुट्टी दे दी गई है। वह रायपुर में चौथे टी20 मैच से पहले टीम में शामिल होंगे।
बीसीसीआई ने यह भी बताया कि तेज गेंदबाज दीपक चाहर को सीरीज के बाकी मैचों के लिए भारत की टीम में शामिल किया गया है। दीपक चाहर आईपीएल में चेन्नई सुपर किंग्स के लिए खेलते हैं। उनकी करीब एक साल बाद टीम इंडिया में वापसी हुई है।
दीपक ने भारत के लिए पिछला मैच दिसंबर 2022 में बांग्लादेश के खिलाफ खेला था, जो कि एक वनडे मैच था। वहीं, टी20 में उन्होंने भारत के लिए पिछला मैच अक्तूबर 2022 में खेला था। इसके बाद वह चोटिल रहे थे और रिकवरी में उन्हें काफी समय लगा था। इस साल आईपीएल में शुरुआती कुछ मैचों में चोट की वजह से बाहर रहने के बाद चाहर ने प्लेइंग-11 में वापसी की थी और चेन्नई सुपर किंग्स को चैंपियन बनाने में अहम भूमिका निभाई थी। अब वह भारत के लिए खेलते हुए दिख सकते हैं।
दीपक ने अब तक भारत के लिए 13 वनडे में 16 विकेट और 24 टी20 में 29 विकेट ले चुके हैं। आईपीएल में उनके नाम 73 मैचों में 72 विकेट हैं। वह शुरू में गेंद को स्विंग कराने में माहिर हैं। इससे पहले मुकेश ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ शुरुआती दो मैचों में प्रभावित किया था। दो मैचों में उन्होंने एक विकेट ही लिया, लेकिन डेथ ओवर में कमाल की गेंदबाजी की थी। पहले टी20 में 20वें ओवर में मुकेश ने सिर्फ पांच रन दिए थे। भारत को चौथा टी20 एक दिसंबर को रायपुर में और तीन दिसंबर को बंगलूरू में खेलना है।