भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच दूसरा टेस्ट मुकाबला एडिलेड में खेला जा रहा है। रोहित शर्मा की टीम ने पहली पारी में 180 रन बनाए। यशस्वी जायसवाल, विराट कोहली, रोहित शर्मा जैसे बड़े बल्लेबाज प्रभावित नहीं कर सके। भारतीय बल्लेबाजों पर मिचेल स्टार्क ने शिकंजा कसा। उन्होंने मुकाबले की पहली गेंद पर युवा बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल को अपना शिकार बनाया। वह खाता भी नहीं खोल पाए। स्टार्क ने उन्हें एलबीडब्ल्यू आउट किया।
स्टार्क ने किया रणनीति का खुलासा
ऑस्ट्रेलिया के स्टार तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क ने भारत के खिलाफ एडिलेड में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट मैच की पहली पारी में प्रभावित किया। उन्होंने पहले दिन विकेटों का छक्का जड़ा। घातक गेंदबाज ने जायसवाल के अलावा केएल राहुल, विराट कोहली, रविचंद्रन अश्विन, हर्षित राणा और नीतीश कुमार रेड्डी को आउट किया। शुक्रवार का खेल समाप्त होने के बाद उन्होंने यशस्वी को आउट करने के पीछे की अपनी रणनीति का खुलासा किया। उन्होंने कहा, मैंने स्टम्प्स को टारगेट किया था और गेंद सीधे पैड पर जा लगी।
'मुझे बस स्टम्प्स पर टारगेट करना है'
स्टार्क ने कहा, फिलहाल मेरी यही भूमिका है कि मुझे बस स्टम्प्स पर टारगेट करना है और शुरुआती विकेट दिलाने हैं। आप आज का ही देख लें। मुझे पता है कि इस बैटिंग लाइनअप में शुरुआती विकेट कितने जरूरी है। ऐसे में इस तरह की शुरुआत करना हमेशा सही होता है।
'पहला दिन अच्छा रहा'
पहले दिन स्टार्क ने अपनी कातिलाना गेंदबाजी से सभी को प्रभावित किया। इस दौरान उन्होंने सिर्फ 48 रन खर्च किए और छह विकेट अपने नाम किए। स्टार्क ने आगे कहा, मुझे लगता है कि गेंदबाजी में हमारे लिए पहला दिन अच्छा रहा। हमने दिन के पहले घंटे के बाद अच्छा प्रदर्शन किया। यह टेस्ट मैच की शुरुआत करने का अच्छा तरीका है। हमने दिन का अंत भी अच्छे तरीके से किया। कुल मिलाकर हमारे लिए यह बहुत अच्छा दिन रहा।