India vs Australia 4th Test Playing 11 Prediction: भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच टेस्ट सीरीज के चौथे और आखिरी मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया की टीम में बदलाव की संभावना नहीं है, लेकिन भारतीय टीम में ईशान किशन को शामिल किया जा सकता है।
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच चार मैच की टेस्ट सीरीज का आखिरी मुकाबला अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा। दोनों टीमें इस मैच को हर हाल में जीतना चाहेंगी। ऑस्ट्रेलिया के पास यह मैच जीतकर सीरीज 2-2 से बराबरी पर खत्म करने का मौका है। वहीं, भारत यह मैच जीतकर सीरीज 3-1 से अपने नाम करेगा। इसके साथ ही भारतीय टीम विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में अपनी जगह पक्की कर लेगी।
विज्ञापन
सीरीज के तीसरे मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया ने नौ विकेट से जीत हासिल की थी। ऐसे में ऑस्ट्रेलिया की टीम में कोई भी बदलाव होने की संभावना कम है। हालांकि, भारतीय टीम अपनी ओपनिंग जोड़ी में बदलाव कर सकती है। इसके अलावा भारतीय टीम श्रीकर भरत की जगह ईशान किशन को विकेटकीपर के रूप में टीम इंडिया में मौका देना चाहेगी।
शुभमन गिल और रोहित शर्मा
- फोटो : सोशल मीडिया
बदल सकता है रोहित का जोड़ीदार
इस सीरीज के शुरुआती दो मैचों में लोकेश राहुल ने रोहित शर्मा के साथ पारी की शुरुआत की थी, लेकिन वह दोनों मुकाबलों में फेल रहे थे। इसके बाद राहुल की खासी आलोचना हुई थी। बढ़ते दबाव के चलते तीसरे मैच में राहुल की जगह शुभमन गिल को मौका दिया गया, लेकिन वह भी इंदौर में कुछ खास नहीं कर सके। ऐसे में रोहित एक बार फिर राहुल को मौका दे सकते हैं। हालांकि, कोच द्रविड़ चाहेंगे कि गिल को एक और मौका दिया जाए।
तीसरे नंबर पर चेतेश्वर पुजारा और चौथे नंबर पर विराट कोहली का खेलना तय है। पांचवें नंबर पर रवींद्र जडेजा और स्पिन जोड़ीदार के रूप में अश्विन का खेलना तय है। हालांकि, टीम इंडिया में विकेटकीपर के रूप में ईशान किशन को मौका मिल सकता है। अब तक श्रीकर भरत ने विकेट के पीछे प्रभावित किया है, लेकिन बल्ले के साथ वह कुछ खास नहीं कर पाए हैं। ऐसे में उनकी जगह ईशान किशन को मौका मिल सकता है।
तेज गेंदबाज के रूप में मोहम्मद सिराज का खेलना तय है। अगर वनडे सीरीज से पहले कप्तान रोहित उन्हें आराम देने का फैसला करते हैं तो सिराज को आराम दिया जा सकता है। इस स्थिति में शमी और उमेश यादव खेल सकते हैं। इस मैच से पहले चर्चा है कि हरी पिच पर मैच हो सकता है। इस स्थिति में शमी, उमेश और सिराज तीनों तेज गेंदबाज खेल सकते हैं और तीसरे स्पिनर अक्षर पटेल को बाहर बैठना पड़ सकता है।
दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग 11
भारतः रोहित शर्मा (कप्तान), शुभमन गिल, चेतेश्वर पुजारा, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, श्रीकर भरत (विकेटकीपर), रवींद्र जडेजा, अक्षर पटेल, रवींद्र जडेजा, उमेश यादव, मोहम्मद सिराज।