इसके बाद उन्होंने 77वें ओवर में शुभमन गिल को गेंदबाजी दी। रोहित यहीं नहीं रुके। उन्होंने शुभमन के बाद चेतेश्वर पुजारा को भी गेंदबाजी दी। अगले ओवर में वह फिर शुभमन से करा रहे थे। इस ओवर के एक गेंद के बाद ऑस्ट्रेलियाई टीम के दोनों बल्लेबाज मार्नस लाबुशेन और कप्तान स्टीव स्मिथ ने भारतीय कप्तान रोहित से बातचीत की और मैच को ड्रॉ कराने का फैसला किया। जब पुजारा और शुभमन गेंदबाजी के लिए आए थे तब लाबुशेन और स्मिथ भी मुस्कुराने लगे थे।
अश्विन दोनों को गेंदबाजी करता देख मुस्कुरा रहे थे
- फोटो : BCCI
दोनों ने पुजारा-गिल को गेंदबाजी करता देख मैच को खत्म कराने का फैसला किया। न्यूजीलैंड के श्रीलंका को हराने के बाद भारत पहले ही वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल के लिए क्वालिफाई कर चुका था। ऐसे में यह टेस्ट औपचारिकता मात्र था। अब भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच जून में ओवल में वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप का फाइनल खेला जाएगा। ऐसे में रोहित भी काफी लाइट मूड में नजर आए और उन्होंने अपने मुख्य गेंदबाजों को आराम देने का फैसला लिया।
पुजारा ने लेग स्पिन बॉलिंग की
- फोटो : BCCI
अब रोहित के इस फैसले और पुजारा-गिल से गेंदबाजी कराने पर अश्विन ने तंज कसा है। उन्होंने ट्वीट कर लिखा- मैं क्या करूं? जॉब छोड़ दूं? इसके बाद उन्होंने हंसने वाली इमोजी लगाई है। पुजारा ने मैच में लेग स्पिन बॉलिंग की। इससे पहले भी वह एक बार गेंदबाजी कर चुके हैं। इससे पहले उन्होंने एकबार 2015 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ भी गेंदबाजी की थी। तब उन्होंने बिना कोई विकेट लिए दो रन खर्च किए थे। इस मैच में एक ओवर में पुजारा ने एक रन दिया, जबकि शुभमन ने 1.1 ओवर गेंदबाजी की और एक रन दिया। शुभमन पहली बार क्रिकेट में गेंदबाजी कर रहे थे। हालांकि, पुजारा काउंटी चैंपियनशिप में ससेक्स के लिए कई बार गेंदबाजी कर चुके हैं।
चौथे टेस्ट में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए ऑस्ट्रेलिया ने 480 रन बनाए थे। उस्मान ख्वाजा ने 180 रन और कैमरन ग्रीन ने 114 रन बनाए। अश्विन ने छह विकेट झटके थे। जवाब में भारत ने अपनी पहली पारी में 571 रन बनाए और 91 रन की बढ़त हासिल की। ऑस्ट्रेलिया ने दूसरी पारी में दो विकेट पर 175 रन बनाए और मैच ड्रॉ कराने का फैसला लिया। भारत ने नागपुर में पहला टेस्ट पारी और 132 रन और दिल्ली में दूसरा टेस्ट छह विकेट से जीता था। इंदौर में खेले गए तीसरे टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया ने नौ विकेट से जीत हासिल की थी।