भारत ने भले ही ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहला टेस्ट पारी और 132 रनों के भारी अंतर से जीत लिया हो, लेकिन जहां तक टीम चयन की बात है तो सब कुछ ठीक नहीं है। ओपनिंग बल्लेबाज केएल राहुल द्वारा एक और निराशाजनक प्रदर्शन के बाद भारत के पूर्व तेज गेंदबाज वेंकटेश प्रसाद ने उनके चयन को 'पक्षपात' बताया था। अब भारत के पूर्व महान बल्लेबाज सुनील गावस्कर इस बहस में शामिल हो गए हैं। उन्होंने सुझाव दिया है कि राहुल को थोड़ा और समय दिया जाना चाहिए।
प्रसाद ने ट्वीट्स की एक सीरीज में, राहुल के चयन पर सवाल उठाया था। वेंकटेश का कहना था कि शुभमन गिल जैसे खिलाड़ी बेंच पर इंतजार कर रहे हैं। गावस्कर का भी मानना है कि गिल को मौका दिया जा सकता है, लेकिन दिल्ली में होने वाले दूसरे टेस्ट में नहीं। गावस्कर ने एक टीवी चैनल को दिए गए इंटरव्यू में कहा- मुझे लगता है कि राहुल ने पिछले एक-दो वर्षों में जिस तरह से बल्लेबाजी की है, उसमें अच्छा प्रदर्शन किया है। मुझे लगता है कि उन्हें एक और मौका दिया जाना चाहिए। मुझे यकीन है कि दिल्ली में टेस्ट मैच के लिए उनका समर्थन किया जाएगा। उसके बाद आप किसी और को मौका दे सकते हैं।
केएल राहुल
- फोटो : सोशल मीडिया
गावस्कर ने कहा- यह मेरा विचार है क्योंकि आपके पास उनकी जगह लेने के लिए शुभमन गिल के रूप में एक इन-फॉर्म बल्लेबाज तैयार है। राहुल को निश्चित रूप से एक मौका मिलना चाहिए। यहां तक कि जब विक्रम राठौड़ प्रेस कॉन्फ्रेंस में आए थे तब भी उन्होंने याद दिलाया था कि राहुल ने दक्षिण अफ्रीका में शतक बनाया था। उनके पास क्षमता है, लेकिन वह हाल ही में आउट ऑफ फॉर्म हो गए हैं। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ राहुल के पास स्कोरिंग का मौका है और यह अपने आप में एक बड़ी चुनौती है। इससे उनका मनोबल बढ़ेगा। वह फंस सकते हैं, लेकिन उनकी क्षमता के आधार पर उन्हें एक और मौका मिलना चाहिए।
इससे पहले वेंकटेश प्रसाद ने ट्विटर पर लिखा था- राहुल का चयन प्रदर्शन के आधार पर नहीं बल्कि पक्षपात के आधार पर किया गया है। यहां तक कि उन्होंने राहुल को उपकप्तान पद से हटाने की मांग भी कही है। वेंकटेश प्रसाद ने लिखा- केएल राहुल की प्रतिभा और क्षमता के लिए मेरे मन में बहुत सम्मान है, लेकिन दुख की बात है कि उनका प्रदर्शन काफी नीचे रहा है। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में आठ साल से ज्यादा समय में 46 टेस्ट के बाद 34 का टेस्ट औसत सामान्य है। ऐसे बहुत खिलाड़ी के बारे में आप नहीं सोच सकते, जिन्हें खासतौर पर इतने ज्यादा मौके दिए गए हो। वेंकटेश ने राहुल की जगह रविचंद्रन अश्विन को रोहित का डिप्टी बनाने की वकालत की।
शुभमन गिल और केएल राहुल
- फोटो : सोशल मीडिया
वेंकटेश ने शुभमन और सरफराज का लिया नाम
वेंकटेश का मानना है कि राहुल का स्थान लेने के लिए कई खिलाड़ी हैं। उन्होंने शुभमन गिल, सफराज खान, मयंक अग्रवाल और हनुमा विहारी का नाम लिया। वेंकटेश ने आगे लिखा- इस टीम में जगह लेने के लिए कई खिलाड़ी फॉर्म में हैं और इंतजार कर रहे हैं। शुभमन गिल बेहतरीन फॉर्म में हैं। सरफराज खान प्रथम श्रेणी क्रिकेट में लगातार रन बना रहे हैं। इनके अलावा कई खिलाड़ी हैं जो राहुल से पहले मौके के हकदार हैं। कुछ भाग्यशाली होते हैं कि उन्हें सफल होने तक इतने मौके दिए जाते हैं जबकि कुछ के ऐसा नहीं होता।