भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने अफगानिस्तान के खिलाफ अगले महीने होने वाले एकमात्र टेस्ट मैच और वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम का एलान कर दिया है। भारतीय टीम इस मैच में शुभमन गिल की अगुआई में खेलने उतरेगी। वहीं, ऋषभ पंत से छह महीने के अंदर टेस्ट की उपकप्तानी छीन ली गई है। टेस्ट में उपकप्तानी केएल राहुल को सौंपी गई है। इसके अलावा गुरूनर बराड़ और मानव सुथार टेस्ट टीम में नए चेहरे हैं।
केएल राहुल और ऋषभ पंत
- फोटो : ANI
पिछली टेस्ट सीरीज की टीम से कितनी अलग
- भारत ने पिछली टेस्ट सीरीज दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ दिसंबर-जनवरी में खेली थी। तब भारतीय टीम ने घरेलू टेस्ट सीरीज 0-2 से गंवाई थी और टीम की नजरें अब इस प्रारूप में वापसी पर टिकी होंगी।
- दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ जब भारत ने पिछली टेस्ट सीरीज खेली थी, तो उसमें अक्षर पटेल और रवींद्र जडेजा दोनों शामिल थे। मौजूदा स्क्वॉड में दोनों नहीं हैं।
- इसके अलावा बुमराह को वर्कलोड मैनेजमेंट के तहत आराम दिया गया है। वह अफगानिस्तान के खिलाफ दोनों ही प्रारूपों से आराम दिया गया है। तेज गेंदबाज आकाश दीप भी टीम में शामिल नहीं हैं।
- ऑलराउंडर हर्ष दुबे को भी टेस्ट टीम में पहली बार जगह दी गई है। गुरनूर और हर्ष दोनों ही प्रारूपों में टीम इंडिया में शामिल हैं।
- ओपनिंग की जिम्मेदारी एक बार फिर केएल राहुल और यशस्वी पर होगी। मध्यक्रम का जिम्मा सुदर्शन, पडिक्कल, पंत और गिल पर होगा।
- जुरेल बैकअप विकेटकीपर के तौर पर टीम में हैं। वहीं, सुंदर, कुलदीप और सुथार स्पिनर के तौर पर टीम में शामिल हैं। तेज गेंदबाजी का जिम्मा सिराज, प्रसिद्ध और गुरनूर पर होगा।
आकिब डार और मोहम्मद शमी
- फोटो : PTI
शमी को लेकर क्या बोले चयनकर्ता?
शमी को लेकर चयन समिति ने कहा कि उन्हें बताया गया है कि शमी सिर्फ टी20 में गेंदबाजी करने के लिए फिट हैं। अभी जो चयन हुआ है, वो टेस्ट और वनडे के लिए हुआ है। ऐसे में शमी पर किसी भी तरह की कोई चर्चा नहीं हुई है। इसके अलावा आकिब नबी को भी मौका नहीं दिया गया है। आकिब ने रणजी में शानदार प्रदर्शन किया था।
अफगानिस्तान से एकमात्र टेस्ट के लिए भारतीय टीम: शुभमन गिल (कप्तान), यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल (उपकप्तान), ऋषभ पंत (विकेटकीपर), साई सुदर्शन, देवदत्त पडिक्कल, नीतीश रेड्डी, ध्रुव जुरेल, वॉशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, मानव सुथार, हर्ष दुबे और गुरनूर बराड़।
मानव और गुरनूर दोनों आईपीएल में जीटी का हिस्सा हैं।
- फोटो : IANS
डब्ल्यूटीसी का हिस्सा नहीं होगा एकमात्र टेस्ट
आईपीएल 2026 सीजन का फाइनल 31 मई को अहमदाबाद में होगा। इसके बाद छह जून से मुल्लांपुर में अफगानिस्तान के खिलाफ एकमात्र टेस्ट मैच खेला जाएगा। भारत का पिछले कुछ वर्षों में टेस्ट प्रारूप में प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा है। यहां तक की घरेलू जमीन पर भी टीम को हार का सामना करना पड़ा है। ऐसे में गिल की अगुआई वाली टीम के पास खुद को परखने का अच्छा अवसर होगा। भारत और अफगानिस्तान के बीच यह टेस्ट मैच विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (डब्ल्यूटीसी) का हिस्सा नहीं होगा।