India Squad for Afghanistan ODI Series 2026: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने अफगानिस्तान के खिलाफ अगले महीने होने वाली वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम का एलान कर दिया है। पुरुष चयन समिति की बैठक के बाद टीम की घोषणा की गई।
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने अफगानिस्तान के खिलाफ अगले महीने होने वाली वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम का एलान कर दिया है। पुरुष चयन समिति की मंगलवार को गुवाहाटी में बैठक हुई जिसके बाद टीम की घोषणा की गई। अफगानिस्तान के खिलाफ सीरीज में रोहित शर्मा और विराट कोहली भी खेलेंगे। दोनों देशों के बीच यह सीरीज आईपीएल 2026 के खत्म होने के बाद खेली जाएगी। अगले साल वनडे विश्व कप होना है, इसलिए इसकी तैयारी के लिहाज से यह सीरीज अहम होगी।
Trending Videos
सीरीज का कार्यक्रम
भारत और अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज 14 जून से धर्मशाला में होने वाले पहले मैच से शुरू होगी।
इसके बाद अगले दो मैच लखनऊ और चेन्नई में क्रमश: 17 और 20 जून को खेले जाएंगे।
वनडे सीरीज से पहले छह जून से मुल्लांपुर में एकमात्र टेस्ट मैच भी खेला जाएगा।
प्रिंस-गुरनूर को पहली बार मिली जगह
प्रिंस यादव और गुरनूर बराड़ को पहली बार भारतीय वनडे टीम में जगह मिली है। वहीं, हार्दिक पांड्या की वनडे टीम में वापसी हुई है। हालांकि, उनका इस सीरीज में खेलना फिटनेस पर निर्भर करता है। वहीं, रोहित शर्मा भी टीम में शामिल हैं, लेकिन वह सीरीज में खेलेंगे या नहीं यह उनके फिटनेस पर निर्भर करता है। बीसीसीआई के सचिव देवजीत सैकिया ने बताया कि रोहित और हार्दिक दोनों वनडे टीम हैं, लेकिन इनका खेलना फिटनेस मंजूरी पर निर्भर करेगा। उम्मीद के मुताबिक जसप्रीत बुमराह को वनडे सीरीज के लिए आराम दिया गया है, जबकि वह टेस्ट टीम का भी हिस्सा नहीं हैं।
जडेजा को नहीं मिला मौका
दिलचस्प बात यह है कि भारत के अनुभवी ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा को वनडे टीम में जगह नहीं मिली है। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर ने बताया कि जडेजा को बाहर नहीं किया गया है, बल्कि उन्हें आराम मिला है। टीम गिल की कप्तानी में खेलने उतरेगी और श्रेयस अय्यर उपकप्तान बनाए गए हैं। वहीं, वनडे में केएल राहुल के साथ ही ईशान किशन विकेटकीपर के तौर पर शामिल हैं। ईशान टी20 के बाद भारतीय वनडे टीम में भी वापसी करने में सफल रहे हैं। हालांकि, शानदार फॉर्म में चल रहे संजू सैमसन को मौका नहीं दिया गया है।
फिर दिखेगा किंग कोहली का जलवा
विराट कोहली के फैंस के लिए राहत की बात यह है कि इस स्टार बल्लेबाज को अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए मौका मिला है। कोहली फिलहाल आईपीएल 2026 में हिस्सा ले रहे हैं और शानदार फॉर्म में हैं। कोहली जिस तरह लय में दिख रहे हैं उससे उम्मीद है कि उनका बल्ला अफगानिस्तान के खिलाफ भी गरजता हुआ नजर आएगा। अगर रोहित भी फिट रहे तो रोहित-कोहली की जोड़ी घरेलू मैदान पर एक बार फिर साथ खेलती नजर आएगी।