अफगानिस्तान के तेज गेंदबाज फजलहक फारुकी ने इस विश्व कप में अपनी घातक गेंदबाजी का मुजायरा पेश किया है। मौजूदा टूर्नामेंट में वह इतिहास रचने से महज दो कदम दूर हैं। अफगानिस्तान को अपना अगला मुकाबला ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेलना है। 23 जून को खेले जाने वाले मैच में वह श्रीलंका के घातक गेंदबाज वानिंदु हसरंगा का रिकॉर्ड तोड़ सकते हैं।
सूर्यकुमार यादव
- फोटो : ICC/T20 World Cup
भारत ने अफगानिस्तान के सामने रखा 182 रन का लक्ष्य
भारत और अफगानिस्तान के बीच टी20 विश्व कप 2024 का 42वां मैच बारबाडोस में खेला जा रहा है। इस मैच में टीम इंडिया ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। भारत ने सूर्यकुमार यादव की अर्धशतकीय पारी की बदौलत 20 ओवर में आठ विकेट पर 181 रन बनाए हैं। अब जिम्मेदारी गेंदबाजों पर हैं।
फजलहक फारुकी
- फोटो : ICC/T20 World Cup
तेज गेंदबाज ने बरपाया कहर
इस मुकाबले में अफगानिस्तान के बाएं हाथ के तेज गेंदबाज फजलहक फारुकी ने कहर बरपाया। उन्होंने कुल तीन विकेट चटकाए। 23 वर्षीय गेंदबाज ने रोहित शर्मा (8), सूर्यकुमार यादव (53) और रवींद्र जडेजा (7) को अपना शिकार बनाया। इसी के साथ मौजूदा टूर्नामेंट में उनके नाम 15 विकेट दर्ज हो गए। दिलचस्प बात यह है टी20 विश्व कप 2024 में वह अब तक सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं।
फजलहक फारुकी-वानिंदु हसरंगा
- फोटो : ICC/T20 World Cup
फारुकी तोड़ सकते हैं हसरंगा का रिकॉर्ड
वहीं, फारुकी विश्व कप के एक संस्करण में अजंता मेंडिस और वानिंदु हसरंगा के साथ संयुक्त रूप से सबसे ज्यादा विकेट चटकाने वाले गेंदबाज बन गए हैं। मेंडिस ने 2012 में और हसरंगा ने 2022 में 15-15 विकेट हासिल किए थे। श्रीलंका के घातक गेंदबाज वानिंदु हसरंगा टी20 विश्व कप 2021 में सबसे ज्यादा विकेट चटकाने वाले गेंदबाज थे। उन्होंने कुल 16 विकेट अपने नाम किए थे। अब फारुकी उनका रिकॉर्ड तोड़ सकते हैं। दो विकेट चटकाते ही वह हसरंगा से आगे निकल जाएंगे और विश्व कप के एक संस्करण में सबसे ज्यादा विकेट चटकाने वाले गेंदबाजों की लिस्ट में शीर्ष पर पहुंच जाएंगे।