रोहित शर्मा (162) और अंबाती रायुडू (100) के शतकीय प्रहार के सहारे टीम इंडिया ने चौथे वन-डे इंटरनेशनल में वेस्टइंडीज के सामने 378 रन का विशाल लक्ष्य रखा।
मुंबई के ब्रेब्रॉर्न स्टेडियम में खेले जा रहे इस मुकाबले में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 'मैन इन ब्लू' ने निर्धारित 50 ओवर्स में पांच विकेट खोकर 377 रन बनाए।
रोहित, रायुडू के अलावा शिखर धवन ने 38 तो एमएस धोनी ने 23 रन बनाए। केदार जाधव (16) और रवींद्र जडेजा (7) रन बनाकर नाबाद लौटे।
सभी कैरेबियाई गेंदबाजों की जमकर धुनाई हुई। केमार रोच ने सर्वाधिक 2 विकेट झटके तो एश्ले नर्स और कीमो पॉल के खाते में 1-1 विकेट आया।
लोकल ग्राउंड में आज रोहित शर्मा का बल्ला जमकर बोला। उन्होंने 98 गेंदों में अपने करियर का 21वां शतक पूरा किया। सैकड़ा जमाते ही उनके खेल में गजब की तेजी देखने को मिली, जिसके बाद फैंस उनसे चौथे दोहरे शतक की उम्मीद लगाने लगे थे।
मगर 137 गेंदों में 162 रन बनाकर वे नर्स का शिकार हुए। अपनी इस तूफानी पारी के दौरान उन्होंने 20 चौके तो दो गगनचुंबी छक्का भी लगाया।
इस सेंचुरी के साथ रोहित शर्मा ने सौरव गांगुली के एक खास रिकॉर्ड की बराबरी भी की। दरअसल, सलामी बल्लेबाज के तौर पर रोहित ने 19वां शतक जमाया। पूर्व कप्तान गांगुली ने भी ओपन करते हुए 19 शतक लगाए थे।
इसके पहले अच्छी लय में नजर आ रहे शिखर धवन 38 रन बनाकर आउट हुए। पहले विकेट के लिए 'गब्बर' ने रोहित के साथ मिलकर 71 रन की साझेदारी की।
'हिटमैन'-'गब्बर' ने 5 रन बनाते ही बनाया रिकॉर्ड, तेंदुलकर-वीरू की जोड़ी को पीछे छोड़ा
इस दौरान यह जोड़ी सबसे ज्यादा रन की साझेदारी करने वाली भारत की दूसरी ओपनिंग जोड़ी बन गई है। दोनों ने महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर और वीरेंद्र सहवाग का रिकॉर्ड तोड़ा।
धवन को कीमो पॉल ने 38 के निजी स्कोर पर मिड विकेट क्षेत्र में कीरोन पॉवेल के हाथों झिलवाया।
इसके बाद बल्लेबाजी करने उतरे विराट कोहली से फैंस को लगातार चौथे शतक की उम्मीद थी। विराट एक बार फिर अच्छी फॉर्म में नजर आ रहे थे।
रोहित के साथ दूसरे विकेट के लिए 30 रन की साझेदारी भी हो चुकी थी। तभी 16 गेंदों में 16 रन बनाने के बाद 17वीं गेंद उनके लिए काल साबित हुई।
केमार रोच ने अपनी गेंद जबरदस्त गेंद पर विराट के बल्ले का बाहरी किनारा निकाला और गेंद विकेट के पीछे खड़े शाई होप के दस्तानों में समां गई। इसके बाद तो मानो पूरे स्टेडियम में सन्नाटा पसर गया।
यहां से रोहित शर्मा-अंबाती रायुडू के बीच तीसरे विकेट के लिए 211 रन की साझेदारी हुई। जिसके बूते टीम इंडिया ने इतना बड़ा स्कोर खड़ा किया।
भारतीय टीम में दो बदलाव किए गए है। युजवेंद्र चहल की जगह केदार जाधव और ऋषभ पंत के स्थान पर रवींद्र जडेजा की एंट्री हुई है।
वेस्टइंडीज टीम में भी एक बदलाव किया गया है। बाएं हाथ के तेज गेंदबाज मैकॉय की जगह कीमो पॉल को टीम में शामिल किया गया है।
भारत: विराट कोहली (कप्तान), रोहित शर्मा, शिखर धवन, अंबाती रायुडू, महेंद्र सिंह धोनी, रवींद्र जडेजा, कुलदीप यादव, भुवनेश्वर कुमार, जसप्रीत बुमराह, खलील अहमद, उमेश यादव, केदार जाधव।
वेस्टइंडीज: कीरोन पॉवेल, चंद्रपॉल हेमराज, शाई होप, मार्लोन सैमयुल्स, शिमरोन हेटमेयर, रॉवमैन पॉवेल, जैसन होल्डर (कप्तान), फैबियन एलेन, एश्ले नर्स, केमार रोच, कीमो पॉल