भारत के लिए रजत पाटीदार ने शतकीय पारी खेली, जबकि सरफराज खान शतक से चूक गए। केएस भरत और ध्रुव जुरेल ने अर्धशतक लगाए। इन दोनों को इंग्लैंड के खिलाफ आगामी पांच मैचों की टेस्ट सीरीज के पहले दो मैच के लिए भारतीय टीम में शामिल किया गया है।
इंडिया-ए और इंग्लैंड लायंस के बीच तीन अनाधिकारिक मैचों की सीरीज से पहले दोनों टीमों के बीच टूर मैच खेला गया। दो दिवसीय यह मुकाबला ड्रॉ पर समाप्त हुआ। इंग्लैंड लायंस ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया था। उन्होंने अपनी पहली पारी में 233 रन बनाए। जवाब में भारत ने पहली पारी आठ विकेट पर 462 रन बनाकर घोषित कर दी। यहीं पर मैच समाप्त हो गया।
विज्ञापन
भारत के लिए रजत पाटीदार ने शतकीय पारी खेली, जबकि सरफराज खान शतक से चूक गए। केएस भरत और ध्रुव जुरेल ने अर्धशतक लगाए। इन दोनों को इंग्लैंड के खिलाफ आगामी पांच मैचों की टेस्ट सीरीज के पहले दो मैच के लिए भारतीय टीम में शामिल किया गया है।
सरफराज खान
- फोटो : सोशल मीडिया
पहले बल्लेबाजी करते हुए इंग्लैंड लायंस की पारी 233 रन पर खत्म हुई। कीटन जेनिंग्स 25 रन, एलेक्स लीस 35 रन, ओलिवर प्राइस सात रन, कप्तान जोश बोहानन आठ रन और जेम्स रीयू एक रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद ओली रॉबिन्सन और डेन मूसली ने छठे विकेट के लिए 63 रन की साझेदारी निभाई। रॉबिन्सन 52 गेंद में सात चौके और एक छक्के की मदद से 45 रन बनाकर आउट हुए। फिर मूसली ने जेम्स कोल्स के साथ सातवें विकेट के लिए 42 रन की साझेदारी निभाई।
कोल्स 20 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। मूसली ने 60 रन की पारी खेली। ब्राइडन कार्स पांच रन और मैथ्यू फिशर छह रन बनाकर आउट हुए। मैथ्यू पॉट्स नौ रन बनाकर नाबाद रहे। इंडिया-ए से स्पिनर मानव सुथर ने तीन विकेट लिए। वहीं, आकाश दीप को दो विकेट मिले। विद्वत कावेरप्पा, तुषार देशपांडे और पुलकित नारंग को एक-एक विकेट मिला।
इंडिया-ए की शुरुआत शानदार रही। कप्तान अभिमन्यु ईश्वरन और रजत पाटीदार ने पहले विकेट के लिए 73 रन की साझेदारी निभाई। ईश्वनर 32 रन बनाकर आउट हुए। वहीं, प्रदोश रंजन पॉल 21 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद रजत ने सरफराज के साथ मिलकर तीसरे विकेट के लिए 80 रन की साझेदारी निभाई। रजत ने शतक जड़ा और वह 141 गेंद में 18 चौके और एक छक्के की मदद से 111 रन बनाकर आउट हुए।
वहीं, सरफराज ने 110 गेंद में 96 रन की पारी खेली। सरफराज और रजत दोनों को टेस्ट सीरीज में मौका नहीं दिया गया है। सरफराज लगातार अच्छे प्रदर्शन के बावजूद नहीं चुने गए हैं। केएस भरत ने भी चयन के बाद खुद को साबित किया और 69 गेंद में आठ चौके और तीन छक्के की मदद से 64 रन बनाए। ध्रुव जुरेल ने भी तूफानी पारी खेलते हुए 38 गेंद में पांच चौके और तीन छक्के की मदद से 50 रन की पारी खेली।
मानव सुथर 26 रन, आकाश दीप नौ रन बनाकर आउट हुए। पुलकित नारंग 25 रन और तुषार 18 रन बनाकर नाबाद रहे। इंग्लैंड लायंस की ओर से कैलम पार्किंसन और जैक कार्सन को दो-दो विकेट मिले। पॉट्स, फिशर, कार्स औ मूसली को एक-एक विकेट मिला। इंडिया-ए और इंग्लैंड लायंस के बीच तीन अनाधिकारिक मैचों की सीरीज की शुरुआत 17 जनवरी से होने जा रही है।