फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Joe Root: अगर 50+ की औसत से रन बनाते रहे जो रूट तो 2027 में तोड़ देंगे तेंदुलकर का रिकॉर्ड, देखें अन्य समीकरण

Wed, 11 Sep 2024 06:27 PM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

रूट ने अभी तक टेस्ट में 265 पारियों में 12377 रन बना लिए हैं, जबकि सचिन ने 200 टेस्ट की 329 पारियों में 15921 रन बनाए थे। रूट सचिन के रनों के महारिकॉर्ड से बस 3544 रन ही दूर हैं।
विज्ञापन
क्या जो रूट सचिन का रिकॉर्ड तोड़ पाएंगे? - फोटो : Twitter
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

इंग्लैंड के दिग्गज बल्लेबाज जो रूट पिछले कुछ समय से शानदार फॉर्म में चल रहे हैं। उन्होंने हाल ही में श्रीलंका के खिलाफ दूसरे टेस्ट की दोनों पारियों में शतक जड़ा था। रूट ने इसी के साथ इंग्लैंड के पूर्व कप्तान और महान बल्लेबाज एलिस्टेयर कुक को पीछे छोड़ दिया था और इंग्लैंड के लिए सबसे ज्यादा टेस्ट शतक लगाने वाले बल्लेबाज बन गए थे। रूट के अब टेस्ट में 34 शतक हैं। ऐसा माना जा रहा है कि रूट टेस्ट में महान सचिन तेंदुलकर के रनों के रिकॉर्ड को तोड़ देंगे। हालांकि, इसके लिए रूट का इसी फॉर्म में होना जरूरी होगा। इंग्लैंड में आमतौर पर खिलाड़ी कम उम्र में ही संन्यास की घोषणा कर देते हैं। ऐसे में देखने वाली बात होगी कि 33 साल के रूट खेल को छोड़ने से पहले सचिन का रिकॉर्ड तोड़ पाते हैं या नहीं। हालांकि, अगर रूट का मौजूदा फॉर्म जारी रहता है और वह 50+ की औसत से रन बनाना जारी रखते हैं तो 2027 तक सचिन को पीछे छोड़ देंगे। आइए जानते हैं...
विज्ञापन

क्या हैं समीकरण?

अगर रूट अभी से अगर हर पारी में 53 रन बनाते हैं तो आने वाली 66 पारियों में वह सचिन के रनों के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ देंगे। इसके लिए उन्हें तीन साल लगेंगे, यानी सितंबर 2027 में वह सचिन से आगे निकल चुके होंगे। अगर रूट आने वाली हर पारी में 50 रन बनाते हैं तो अगली 70 पारियों में वह सचिन को पीछे छोड़ देंगे। इसमें उन्हें तीन साल और तीन महीने लगेंगे। यानी दिसंबर 2027 तक वह सचिन का रिकॉर्ड तोड़ देंगे। वहीं, रूट अगर 45 रन प्रति पारी स्कोर करते हैं तो उन्हें 78 पारियां लगेंगे और अगले साढ़े तीन साल में वह सचिन को पीछे छोड़ पाएंगे। यानी मार्च 2028 तक रूट क्रिकेट के भगवान के टेस्ट रनों के रिकॉर्ड को तोड़ पाएंगे।

अगर रूट अभी से 40 रन प्रति पारी बनाते हैं तो उन्हें सचिन को पीछे छोड़ने में 88 पारियां लगेंगी। यानी सितंबर 2028 तक अगले चार साल में वह महान तेंदुलकर का रिकॉर्ड तोड़ देंगे। वहीं, अगर रूट अभी से हर पारी में 35 रन बनाते हैं तो उन्हें सचिन का रिकॉर्ड तोड़ने में 100 पारियां लगेंगी। यानी मार्च 2029 तक रूट आगे निकल पाएंगे। हालांकि, यह तभी संभव होगा जब रूट इतने साल तक क्रिकेट खेलते रहें। जेम्स एंडरसन या इंग्लैंड के गेंदबाजों को छोड़ दिया जाए तो शायद ही किसी इंग्लिश बल्लेबाज का करियर 35-36 की उम्र के पार गया हो। चाहे वह ट्रेस्कॉथिक हों या स्ट्रॉस, सबने इसी उम्र में संन्यास लिया। यह देखने वाली बात होगी कि रूट कब तक खेलना जारी रखते हैं। सचिन को पीछे छोड़ना वाकई उनके लिए बड़ी उपलब्धि होगी।
विज्ञापन

कब तक सचिन को पीछे छोड़ सकते हैं रूट
रन प्रति इनिंग कितनी इनिंग्स समय लगेगा
53 66 3 साल (सितंबर 2027)
50 70 3 साल 3 महीने (दिसंबर 2027)
45 78 3.5 साल (मार्च 2028)
40 88 4 साल (सितंबर 2028)
35 100 4.5 साल (मार्च 2029)

रूट ने अभी तक टेस्ट में 265 पारियों में 12377 रन बना लिए हैं, जबकि सचिन ने 200 टेस्ट की 329 पारियों में 15921 रन बनाए थे। रूट सचिन के रनों के महारिकॉर्ड से बस 3544 रन ही दूर हैं। वह अभी 33 साल के हैं और उनमें अभी काफी क्रिकेट बची है। ऐसे में सचिन के रिकॉर्ड पर खतरा मंडराने लगा है। दूसरी ओर कोहली ने अपना पिछला शतक जुलाई 2023 में वेस्टइंडीज के खिलाफ बनाया था। तब से उन्होंने अपनी पिछली चार पारियों में सिर्फ एक 50+ स्कोर दर्ज किया है। कुल मिलाकर कोहली के नाम 113 टेस्ट में 8,848 रन हैं, जिसमें 29 शतक उनके नाम हैं। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें