स्मृति मंधाना और हरमनप्रीत कौर
- फोटो : सोशल मीडिया
भारतीय सलामी बल्लेबाज स्मृति मंधाना अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) की मंगलवार को जारी महिला वनडे रैंकिंग में एक पायदान ऊपर चढ़कर छठे नंबर पर पहुंच गई हैं। मंधाना ने मंगलवार (18 जुलाई) को अपना 27वां जन्मदिन मनाया। उन्हें इस अवसर पर आईसीसी से खुशखबरी मिली। दूसरी ओर, कप्तान हरमनप्रीत कौर आठवें स्थान पर खिसक गई हैं। मंधाना के 704 रेटिंग अंक हैं जबकि हरमनप्रीत के 702 अंक हैं। भारतीय कप्तान दो पायदान नीचे खिसकी हैं।
बाएं हाथ की स्पिनर राजेश्वरी गायकवाड़ गेंदबाजों की सूची में शीर्ष 10 में शामिल अकेली भारतीय गेंदबाज हैं। इसी तरह ऑलराउंडर की सूची में दीप्ति शर्मा शीर्ष 10 में शामिल अकेली भारतीय खिलाड़ी हैं। यह दोनों खिलाड़ी हालांकि एक-एक पायदान नीचे खिसकी हैं। गायकवाड़ नौवें जबकि ऑल राउंडर दीप्ति सातवें स्थान पर हैं।
श्रीलंका की चमारी अट्टापट्टू पहले स्थान पर सिर्फ दो हफ्तों तक रह पाईं। ऑस्ट्रेलिया की बेथ मूनी अब पहले स्थान पर पहुंच गई हैं। मूनी ने इंग्लैंड के खिलाफ पहले दो वनडे मैचों में नाबाद 81 और 33 रन बनाए। मूनी के बाद दूसरे स्थान पर इंग्लैंड की नताली सीवर ब्रंट हैं। वह दो स्थान ऊपर चढ़कर दूसरे पायदान पर आ गई हैं। ऑलराउंडर्स की रैंकिंग में भी उन्हें फायदा हुआ है। वह पहले स्थान पर पहुंच गई हैं।
हीथर नाइट ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहले वनडे में फिनिशर की भूमिका बखूबी निभाई और निचले क्रम में बल्लेबाजी करते हुए नाबाद 75 रन बनाकर अपनी टीम को जीत दिलाई। इंग्लैंड की कप्तान बल्लेबाजों की रैंकिंग में चार स्थान की छलांग लगाकर 14वें नंबर पर आ गई है।