भारत ने 2022 अंडर-19 विश्व कप का आगाज जीत के साथ किया है। गयाना के प्रोविडेंस स्टेडियम में खेले गए टूर्नामेंट के अपने पहले मैच में टीम इंडिया ने दक्षिण अफ्रीका को 45 रन से हरा दिया। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम 46.5 ओवर में 232 रन बनाकर ऑलआउट हो गई थी।
इसके जवाब में दक्षिण अफ्रीकी टीम 45.4 ओवर में 187 रन पर सिमट गई। कप्तान यश धुल और स्पिनर विक्की ओस्तवाल टीम इंडिया की जीत के हीरो रहे। धुल ने 82 रन की पारी खेली थी। वहीं, विक्की ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए पांच विकेट झटके। उन्हें इसके लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
भारतीय टीम 232 रन बनाकर ऑलआउट हुई
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत की शुरुआत बेहद खराब रही। भारतीय टीम ने महज 11 रन के स्कोर पर अपने सलामी बल्लेबाजों के विकेट गंवा दिए। इसके बाद शेख रशीद और कप्तान यश धुल ने पारी को संभाला और तीसरे विकेट के लिए 71 रनों की साझेदारी निभाई।
रशीद 54 गेंदों में 31 रन बनाकर आउट हुए। यहां से यश ने निशांत सिंधु, राज बावा और कौशल तांबे के साथ मिलकर छोटी मगर अहम साझेदारियां निभाई और टीम के स्कोर को 200 के पार ले गए। हालांकि कप्तान यश के रनआउट होने के बाद पूरी टीम 46.5 ओवर में 232 रन पर ही सिमट गई।
यश धुल ने खेली कप्तानी पारी
भारत की तरफ से कप्तान यश धुल ने सबसे अधिक 82 रन बनाए। वहीं, निशांत सिंधु 27 रन, राज बावा 13 रन और कौशल तांबे 35 रन बना सके। टीम इंडिया के छह बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा नहीं छू सके। इसमें अंगकृश रघुवंशी (5), हरनूर सिंह (1), दिनेश बाना (7), विक्की ओस्तवाल (9), राजवर्धन हांगरगेकर (0) और रवि कुमार (0 नाबाद) शामिल है।
दक्षिण अफ्रीका की तरफ से मैथ्यू बोस्ट ने तीन विकेट हासिल किए। इसके अलावा अफिवे नियांडा और डेवाल्ड ब्रेविस को दो-दो विकेट मिले। लियाम एल्डर और मिकी कोपलैंड को एक-एक विकेट मिला।
दक्षिण अफ्रीकी टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही
233 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी दक्षिण अफ्रीकी टीम को पहले ओवर ही ओवर में शून्य के स्कोर पर पहला झटका लगा। भारत की तरफ से राजवर्धन हांगरगेकर ने मैडेन ओवर के साथ जॉन कन्निंघम को पवेलियन का रास्ता दिखाया। इसके बाद वैलिंटाइन किटिमे और डेवाल्ड ब्रेविस ने दूसरे विकेट के लिए 58 रन की साझेदारी की।
वैलिंटाइन 33 गेंदों पर 25 रन बनाकर आउट हुए। 83 रन के कुल स्कोर पर जी जे मैरी के रूप में दक्षिण अफ्रीका को तीसरा झटका लगा। उन्हें विक्की ओस्तवाल ने विकेटकीपर दिनेश बाना के हाथों कैच कराया। मैरी 29 गेंदों पर आठ रन बना सके।
28वें ओवर में ब्रेविस का कैच छूटा
28वें ओवर में स्पिनर कौशल तांबे गेंदबाजी कर रहे थे। इस ओवर की चौथी गेंद पर ब्रेविस ने छक्का लगाया और 77 गेंदों पर अर्धशतक पूरा किया। इसकी अगली गेंद पर ब्रेविस ने एक बार फिर बड़ा शॉट लगाना चाहा। गेंद उनके बल्ले का किनारा लेकर हवा में बैकवर्ड प्वाइंट में खड़े भारतीय उपकप्तान शेख रशीद के पास गई, लेकिन कैच छूट गया। तब ब्रेविस 55 रन पर बल्लेबाजी कर रहे थे।
ब्रेविस 65 रन बनाकर आउट हुए
डेवाल्ड ब्रेविस 65 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें राज बावा ने कप्तान यश धुल के हाथों कैच कराया। धुल ने मिड ऑफ में बेहतरीन कैच लपका। हीरडेन और ब्रेविस के बीच 91 गेंदों पर 55 रन की साझेदारी हुई। आंदिले सिमीलाने को राज बावा ने क्लीन बोल्ड किया। वे छह रन बना सके। बावा का यह दूसरा विकेट रहा।
विक्की ओस्तवाल ने एक ओवर में दो विकेट झटके
39वें ओवर में स्पिनर विक्की ओस्तवाल ने दक्षिण अफ्रीका को दो झटके दिए। उन्होंने इस ओवर की दूसरी गेंद पर मिकी कोपलैंड को क्लीन बोल्ड किया। वे एक रन बना सके। इसके बाद आखिरी गेंद पर केडेन सोलोमंस को भी क्लीन बोल्ड किया। सोलोमंस शून्य पर आउट हुए।
विक्की ओस्तवाल ने झटके पांच विकेट
कप्तान जॉर्ज वान हीरडेन को तेज गेंदबाज राज बावा ने पवेलियन भेजा। हीरडेन 61 गेंदों पर 36 रन बनाकर आउट हुए। मैथ्यू बोस्ट के रूप में टीम का नौवां विकेट गिरा। उन्हें विक्की ने राजवर्धन हांगरगेकर के हाथों कैच कराया। बोस्ट आठ रन बना सके। विक्की का यह इस मैच में पांचवां विकेट रहा।
वे अंडर-19 विश्व कप में एक मैच में पारी में पांच विकेट लेने वाले सातवें गेंदबाज हैं। राज बावा ने अफिवे नियांडा को पवेलियन भेज दक्षिण अफ्रीकी पारी को 187 पर समेट दिया। विक्की ने 10 ओवर में 28 रन देकर पांच विकेट झटके। इसके अलावा राज बावा ने चार विकेट झटके। हांगरगेकर को एक विकेट मिला है।
अंडर-19 में भारत-दक्षिण अफ्रीका का रिकॉर्ड
भारत और दक्षिण अफ्रीकी अंडर-19 टीमों के बीच पिछले छह मुकाबलों में भारतीय टीम का पलड़ा भारी रहा है। भारत ने पांच मुकाबले जीते हैं और एक में हार का सामना करना पड़ा है। विश्व कप में भारत और दक्षिण अफ्रीका की टीमें आठ बार आमने-सामने आ चुकी हैं। इनमें से दोनों टीमों ने चार-चार मैच जीते हैं।
सीनियर टीम इंडिया का बदला लिया
भारत की युवा टीम ने इस मैच को जीतकर सीनियर टीम इंडिया को टेस्ट सीरीज में मिली हार का बदला भी लेना चाहेगी। हाल ही में दक्षिण अफ्रीका ने टेस्ट सीरीज में भारत को 2-1 से हराया था। पिछले कुछ मैचों में भारतीय अंडर-19 टीम का प्रदर्शन शानदार रहा है और टीम काफी मजबूत नजर आ रही है। हाल ही में टीम इंडिया ने अंडर-19 एशिया कप अपने नाम किया था।
पिछले कुछ मैचों में भारत का शानदार प्रदर्शन
अंडर-19 एशिया कप जीतने के बाद भारतीय टीम ने वर्ल्ड कप के दो अभ्यास मैचों में ऑस्ट्रेलिया और मेजबान वेस्टइंडीज के खिलाफ बड़ी जीत दर्ज की थी। भारत ने वेस्टइंडीज को 108 रन और ऑस्ट्रेलिया को नौ विकेट से हराया था।
भारत को ग्रुप-बी में दक्षिण अफ्रीका, आयरलैंड और यूगांडा के साथ रखा गया है। टीम इंडिया अंडर-19 विश्व कप 4 बार जीत चुकी है और टूर्नामेंट की सबसे सफल टीम है। 2020 में खेले गए पिछले संस्करण में भारतीय टीम रनर अप रही थी। फाइनल में उसे बांग्लादेश ने हराया था।
वर्ल्ड कप के लिए भारतीय टीम: यश धुल (कप्तान), हरनूर सिंह, अंगकृश रघुवंशी, एसके रशीद (उपकप्तान), निशांत सिंधू, सिद्धार्थ यादव, अनीश्वर गौतम, दिनेश बाना (विकेटकीपर), आराध्य यादव (विकेटकीपर), राज अंगद बावा, मानव प्रकाश, कौशल तांबे, आरएस हंगरगेकर, वासु वत्स, विक्की ओस्तवाल, रवि कुमार, गर्व सांगवान।