अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने गुरुवार को पाकिस्तान के तेज गेंदबाज हसन अली को ट्रोल कर दिया। दरअसल, आईसीसी ने अपने ट्विटर अकाउंट पर हसन अली की दो तस्वीरें साझा कीं, जिसके कैप्शन में लिखा है, 'आपकी प्रोफाइल पिक्चर बनाम फुल पिक्चर।' आईसीसी की इस पोस्ट में पहली फोटो में हसन अली बहुत ही शानदार पुल शॉट लगा रहे हैं। मगर दूसरे फोटो में उनका मिडिल स्टंप उखड़ा हुआ नजर आ रहा है। आईसीसी का यह पोस्ट सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। वहीं, पाकिस्तानी फैंस इस पोस्ट को लेकर भड़क उठे हैं।
बता दें कि हसन अली को ही बोल्ड करके कगिसो रबाडा ने टेस्ट क्रिकेट में अपना 200वां विकेट पूरा किया। अपना 44वां टेस्ट खेल रहे 25 वर्षीय रबाडा 200 विकेट लेने वाले सबसे युवा दक्षिण अफ्रीकी गेंदबाज बन गए हैं। उन्होंने 70 रन देकर तीन विकेट लिए। पाकिस्तान और दक्षिण अफ्रीका के बीच खेले जा रहे पहले टेस्ट के तीसरे दिन का खेल खत्म हो चुका है।
दिन का खेल खत्म हो जाने तक दक्षिण अफ्रीका ने चार विकेट पर 187 रन बनाए हैं। केशव महाराज 2 और क्विंटन डिकॉक 0 रन बनाकर नाबाद हैं। प्रोटियाज टीम को अभी केवल 29 रन की बढ़त हासिल हुई है। पाकिस्तान ने दक्षिण अफ्रीका के पहली पारी के 220 रन के जवाब में 378 रन बनाकर 158 रन की मजबूत बढ़त हासिल की थी।
एक पाकिस्तानी फैन ने आईसीसी को इंडियन क्रिकेट काउंसिल बताया है।