केन विलियमसन, स्टीव स्मिथ और विराट कोहली
- फोटो : अमर उजाला
एशेज सीरीज के चौथे टेस्ट और न्यूजीलैंड-बांग्लादेश सीरीज खत्म होने के बाद आईसीसी रैंकिंग में कई बदलाव देखने को मिले हैं। ताजा जारी रैंकिंग में ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज बल्लेबाज स्टीव स्मिथ ने न्यूजीलैंड के कप्तान केन विलियमसन को पीछे छोड़ दिया है। वे तीसरे स्थान पर काबिज हो गए। वहीं, टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली टॉप-10 में कायम हैं।
स्टीव स्मिथ तीसरे स्थान पर हैं तो उनके साथी मार्नश लाबुशेन शीर्ष पर कायम हैं। इनदोनों के बीच दूसरे पायदान पर इंग्लैंड के कप्तान जो रूट हैं। लाबुशेन ने सिडनी टेस्ट में 28 और 29 रन बनाए थे। वहीं, रूट पहली पारी में खाता भी नहीं खोल पाए थे और दूसरी पारी में 24 रन बनाकर आउट हो गए थे। भारत के खिलाफ जोहानिसबर्ग टेस्ट में कमाल की बल्लेबाजी करने वाले डीन एल्गर को चार स्थानों का फायदा हुआ है। एल्गर चार पायदान ऊपर चढ़कर 10वें नंबर पर पहुंच गए हैं। एल्गर ने दूसरी पारी में नाबाद 96 रन बनाकर अफ्रीकी टीम को जीत दिलाई थी।
सिडनी टेस्ट की दोनों पारियों में शतक लगाने वाले उस्मान ख्वाजा फिर से टॉप-100 में आ गए हैं। उन्होंने 26वें स्थान से वापसी की है। बांग्लादेश के लिटन दास 17 स्थान ऊपर चढ़कर 15वें नंबर पर पहुंच गए। न्यूजीलैड के डेवोन कॉनवे ने 18 पायदान की छलांग लगाई और वे 29वें नंबर पर आ गए हैं।
गेंदबाजों में कायेल जेमीसन को जबरदस्त फायदा हुआ है। उन्होंने मैच में 114 रन देकर छह विकेट लिए थे। जेमीसन ने आठ स्थानों की छलांग लगाई है। दूसरी ओर, भारत के खिलाफ जोहानिसबर्ग में छह विकेट लेने वाले कगिसो रबाडा पांचवें नंबर पर पहुंच गए हैं। बांग्लादेश के इबादत हुसैन 18 स्थन ऊपर चढ़कर 88वें और शोरिफुल इस्लाम 34 स्थान ऊपर 104वें नंबर पर पहुंच गए।