दुनिया में क्रिकेट की सर्वोच्च संस्था आईसीसी ने बुधवार को पुरुषों की वन-डे और टी-20 रैकिंग जारी की। खेल के सबसे छोटे फॉर्मेट में विराट कोहली टॉप-5 में एंट्री कर चुके हैं, उन्हें इंग्लैंड के खिलाफ मौजूदा सीरीज में लगातार अर्धशतकों का फायदा मिला तो बल्लेबाजों की एकदिवसीय रैंकिंग में किंग कोहली की बादशाहत जारी है। रोहित शर्मा वन-डे के दूसरे सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज हैं। टॉप-7 में कोई बदलाव नहीं है। श्रीलंका के खिलाफ हाल ही में संपन्न हुई वन-डे सीरीज में सर्वाधिक 258 रन बनाने वाले कैरेबियाई बल्लेबाज शाई होप टॉप-10 लिस्ट में जगह बनाने वाले नए खिलाड़ी हैं। श्रेयस अय्यर 32 पायदान के फायदे से 31वें स्थान बकि पंत 30 पायदान की छलांग लगाकर 80वें नंबर पर पहुंच गए हैं। गेंदबाजों में आलराउंडर वाशिंगटन सुंदर दो पायदान ऊपर 11वें जबकि तेज गेंदबाज शार्दुल ठाकुर (14 पायदान के फायदे से 27वें स्थान) और भुवनेश्वर कुमार (सात पायदान के लाभ से 45वें स्थान पर) को भी रैंकिंग में फायदा हुआ है।
पिछली चार पारियों में 0, 0, 1, 0 का स्कोर करने वाले केएल राहुल टी-20 रैकिंग में तीसरे से चौथे पायदान पर फिसल गए। यहां 894 अंकों के साथ इंग्लिश ओपन डेविड मलान की बादशाहत जारी है। टी-20 के टॉप-10 में दो भारतीय बल्लेबाज, दो कीवी, दो ऑस्ट्रेलियाई हैं। एक इंग्लिश, एक पाकिस्तानी, एक दक्षिण अफ्रीकाई और एक अफगानी बल्लेबाज को भी जगह मिली है।