पाकिस्तान के बैटर आसिफ अली और आयरलैंड की ऑलराउंडर लारा डेलानी को अक्तूबर महीने के लिए आईसीसी का क्रमश: सर्वश्रेष्ठ पुरुष और महिला खिलाड़ी चुना गया। आसिफ ने बांग्लादेश के शाकिब अल हसन और नामीबिया के डेविड वीसे पछाड़ा।
डेलानी ने टीम की अपनी साथी गैबी लुईस और जिंबाब्वे की मेरी आन मुसोंडा को पीछे छोड़ा। आसिफ ने मौजूदा टी20 विश्व कप के दौरान तीन मैचों में 52 रन बनाए और इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 273.68 रहा।
आसिफ की 12 गेंद में नाबाद 27 रन की पारी की बदौलत पाकिस्तान ने न्यूजीलैंड को हराया। लेकिन अगले मैच ने उन्हें सुर्खियों में ला दिया। पाकिस्तान को अफगानिस्तान के खिलाफ अंतिम दो ओवर में 24 रन की जरूरत थी और आसिफ ने 19वें ओवर में चार छक्के जड़कर टीम को जीत दिला दी।