फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

आईसीसी वन-डे रैंकिंग में सुपरहिट हुए विराट-रोहित, 'चाइनामैन' करियर की सर्वश्रेष्ठ रैंकिंग पर पहुंचे

Sun, 30 Sep 2018 03:05 PM IST
स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला
विज्ञापन
विराट कोहली और रोहित शर्मा - फोटो : ICC
विज्ञापन

टीम इंडिया को अपने नेतृत्व में सातवीं बार एशिया कप चैंपियन बनाने वाले रोहित शर्मा आईसीसी की ताजा वन-डे रैंकिंग में दूसरे स्थान पर पहुंच गए हैं। आईसीसी वन-डे रैंकिंग में बल्लेबाजों की लिस्ट में शीर्ष पर विराट कोहली काबिज हैं। इसके साथ ही बल्लेबाजों की रैंकिंग में शीर्ष दो स्थानों पर भारतीय खिलाड़ियों का कब्जा हो चुका है।

विज्ञापन


यह दूसरा मौका है जब रोहित शर्मा रैंकिंग में दूसरे स्थान पर पहुंचे हैं। वह इस साल जुलाई में भी इस स्थान पर पहुंचे थे। एशिया कप में रोहित 317 रन बनाकर टूर्नामेंट के दूसरे सर्वोच्च स्कोरर रहे थे। भारत ने फाइनल में बांग्लादेश को तीन विकेट से हराकर सातवीं बार एशिया कप का खिताब जीता। 

एशिया कप 2018 के सर्वश्रेष्ठ स्कोरर रहे शिखर धवन (342 रन) रैंकिंग में चार स्थान के सुधार के साथ पांचवें स्थान पर पहुंच गए हैं। भारत के दोनों सलामी बल्लेबाजों ने अफगानिस्तान के खिलाफ सुपर फोर का अंतिम मैच नहीं खेला था जो टाई रहा था। रोहित और शिखर ने पाकिस्तान के खिलाफ सुपर फोर मैच में पहले विकेट के लिए 210 रन जोड़े थे, जिसमें उन्होंने क्रमश: नाबाद 111 और 114 रन की पारी खेली थी। 

विज्ञापन

कुलदीप यादव ने हासिल की सर्वश्रेष्ठ रैंकिंग

KULDEEP YADAV
रैंकिंग में सुधार करने वाले भारतीय खिलाड़ियों में बाएं हाथ के स्पिनर कुलदीप यादव भी शामिल हैं। वह गेंदबाजों की रैंकिंग में तीन स्थान ऊपर चढ़कर करियर के सर्वश्रेष्ठ तीसरे पायदान पर पहुंच गए हैं। वह टूर्नामेंट में बांग्लादेश के तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान और अफगानिस्तान के लेग स्पिनर राशिद खान के साथ विकेट लेने के मामले में शीर्ष पर रहे। तीनों गेंदबाजों ने 10-10 विकेट लिए। 

राशिद हरफनमौला खिलाड़ियों की रैंकिग में बांग्लादेश के पूर्व कप्तान शाकिब अल हसन की जगह अब शीर्ष खिलाड़ी बन गए हैं। उन्होंने अपनी रैंकिंग में छह स्थान का सुधार किया है। राशिद हरफनमौला खिलाड़ियों की रैंकिंग में शीर्ष पर पहुंचने वाले अपने देश के पहले और कुल 32वें खिलाड़ी है।

राशिद गेंदबाजों की रैंकिग में दूसरे स्थान पर हैं जहां शीर्ष पर भारतीय तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह है। उन्होंने टूर्नामेंट में 87 रन भी बनाये जिससे बल्लेबाजों की रैंकिंग में भी शीर्ष 100 में जगह बनाने में सफल रहे। वह करियर के सर्वश्रेष्ठ 97वें स्थान पर पहुंच गए हैं। 

बांग्लादेश के लिए विकेटकीपर-बल्लेबाज मुशफिकुर रहीम ने करियर के सर्वश्रेष्ठ 16वें स्थान पर पहुंच गये, जबकि लिट्टन दास ने एशिया कप के फाइनल में 107 रनों के बूते 116वां स्थान हासिल किया है। गेंदबाजों में मुस्तफिजुर चार स्थान के सुधार के साथ 12वें पायदान पर पहुंच गये हैं।

पाकिस्तान के बाएं हाथ के सलामी बल्लेबाज इमाम-उल-हक रैंकिंग में 15 स्थान ऊपर चढ़ करियर के सर्वश्रेष्ठ 27वें स्थान पर पहुंच गये हैं जबकि शोएब मलिक 12 स्थान के सुधार के साथ 42 वें स्थान पर पहुंच गये हैं। जुनैद खान सात पायदान ऊपर चढ़ कर गेंदबाजों की रैंकिंग में 30वें स्थान पर हैं।
विज्ञापन

वन-डे रैंकिंग में इस टीम का शीर्ष पर दबदबा

england cricket team
श्रीलंका के लिए उपुल थरंगा दो स्थान के सुधार के साथ 41वें स्थान पर पहुंच गये। भारत के खिलाफ 73 रन की पारी खेलने वाले हांगकांग के कप्तान अंशुमन रथ 532 रेटिंग अंक के साथ 55वें स्थान पर पहुंच गये। हांगकांग के किसी बल्लेबाज के लिए यह सबसे ज्यादा अंक है। रथ के सलामी जोड़ीदार निजाक खान ने भी करियर की सर्वश्रेष्ठ 78वीं रैंकिंग हासिल की। 

आईसीसी एकदिवसीय टीम रैंकिंग में कोई बदलाव नहीं हुआ है जिसमें इंग्लैंड शीर्ष पर बना हुआ है। उसके बाद क्रमश: भारत, न्यूजीलैंड, दक्षिण अफ्रीका, पाकिस्तान, ऑस्ट्रेलिया, बांग्लादेश, श्रीलंका और वेस्टइंडीज का स्थान है। भारत को इस टूर्नामेंट से एक अंक का फायदा हुआ और अफगानिस्तान को पांच अंक का। पाकिस्तान और श्रीलंका को तीन-तीन अंकों का नुकसान हुआ।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें