आईसीसी के बीसीसीआई को मयप्प्न और बुकीज के बीच रिश्तों के बारे में दी गई
चेतावनी के दावे को बोर्ड अध्यक्ष एन श्रीनिवासन ने सिरे से खारिज कर दिया
है। श्रीनिवासन ने कहा है कि आईसीसी की तरफ से आईपीएल में स्पॉट फिक्सिंग को लेकर कोई चेतावनी नहीं मिली थी।
इससे पहले आईसीसी की तरफ से जारी बयान में कहा गया था कि श्रीनिवासन के दामाद और चेन्नई सुपरकिंग्स के मालिक गुरुनाथ मयप्प्न और बुकीज के बीच रिश्तों को लेकर आगाह कर दिया गया था।
यह चेतावनी आईसीसी ने आईपीएल शुरू होने के बाद मयप्पन की भूमिका को लेकर दी थी। लेकिन बीसीसीआई ने यह बात दबाए रखी। यही नहीं खुद मयप्पन को भी इस बारे में पता था और वह विंदू दारा सिंह को इस बात के लिए आगाह भी कर रहा था कि वह सावधान रहे।
गुरुनाथ मयप्पन आईपीएल-6 के स्पॉट फिक्सिंग मामले में गिरफ्तार किए गए और फिलहाल पुलिस हिरासत में हैं।
सूत्रों के मुताबिक आईसीसी की एंटी करप्श्न ब्यूरो ने बीसीसीआई को चेताया था कि आईपीएल के दौरान मयप्पन सट्टेबाजों के साथ मेलजोल कर रहा है।