इंग्लैंड में चल रही चैंपियंस ट्रॉफी की लोकप्रियता को देखते हुए इसे आगे भी बरकरार रखा जा सकता है।
आईसीसी ने टेस्ट चैंपियनशिप को जगह देने के लिए कहा था कि यह चैंपियंस ट्रॉफी का आखिरी संस्करण होगा।
लेकिन मैचों के दौरान दर्शकों की संख्या और पूरे विश्व में इसकी लोकप्रियता को देखते हुए आईसीसी 25 से 29 जून तक इंग्लैंड में होने वाली आईसीसी की सालाना बैठक में अपने फैसले पर दोबारा विचार करने के बारे में सोच रही है।
आईसीसी टेस्ट क्रिकेट को बढ़ावा देने की इच्छुक है। इसके लिए आईसीसी वनडे और टी-20 विश्व कप की तरह टेस्ट के लिए भी एक विश्व चैंपियनशिप शुरू करने की योजना बना रही है।
ऐसा करने से क्रिकेट के तीनों प्रारूपों में विश्व चैंपियनशिप हो जाएगा और टेस्ट क्रिकेट की लोकप्रियता बनी रहेगी।
अगर आईसीसी 50-50 ओवर के इस प्रारूप को बरकरार रखती है तो वनडे क्रिकेट में विश्व कप और चैंपियंस ट्रॉफी दो बड़े टूर्नामेंट हो जाएंगे। ऐसे में दोनों टूर्नामेंट के बीच न सिर्फ उचित अंतराल की तलाश करनी होगी बल्कि ब्रॉडकास्टर्स की सुविधा भी देखनी होगी।
आईसीसी के फ्यूचर्स टूर प्रोग्राम (एफटीपी) 2017 में टेस्ट चैंपियनशिप प्रस्तावित है जो कि इंग्लैंड में होना है। यह टूर्नामेंट तीन हफ्ते तक चलेगा।
हालांकि यह टूर्नामेंट सिर्फ चार टीमों के बीच ही होगा और आईसीसी की टेस्ट रैंकिंग में शीर्ष चार पर रहने वाली टीमों को ही मौका मिलेगा।
टेस्ट चैंपियनशिप में तीन मुकाबले होंगे। दो सेमीफाइनल और एक फाइनल मुकाबला होगा।