आईसीसी ने साल 2023 के लिए सभी श्रेणियों में अवॉर्ड जीतने के दावेदार खिलाड़ियों के नाम का एलान कर दिया है। भारत के विराट कोहली और रवींद्र जडेजा साल के सर्वश्रेष्ठ क्रिकेटर बनने की रेस में शामिल हैं। इन दोनों के अलावा ऑस्ट्रेलिया के पैट कमिंस और ट्रेविस हेड भी यह अवॉर्ड जीतने के दावेदार हैं। साल के सर्वश्रेष्ठ क्रिकेटर को सर गारफील्ड सोबर्स ट्रॉफी दी जाती हैं। वहीं, महिलाओं को राचेल हेहो फ्लिंट ट्रॉफी दी जाती है। महिलाओं में श्रीलंका की चमारी अटापट्टू, ऑस्ट्रेलिया की एश्ले गार्डनर और बेथ मूनी, इंग्लैंड की नेट सिवर-ब्रंट यह अवॉर्ड जीतने की रेस में हैं।
ट्रेविस हेड
ट्रेविस हेड
- फोटो : सोशल मीडिया
पुरुष क्रिकेटर ऑफ द ईयर बनने के दावेदार पैट कमिंस ने 2023 में 31 मुकाबले खेले और कुल 1698 रन बनाए। उनके रनों की संख्या से ज्यादा यह महत्वपूर्ण है कि ये रन किन हालातों में आए। हेड ने विश्व टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल और वनडे विश्व कप फाइनल में शतक लगाकर ऑस्ट्रेलिया को दो-दो आईसीसी ट्रॉफी दिलाने में मदद की। इसके अलावा विश्व कप सेमीफाइनल मैच में भी उन्होंने मैच जिताऊ पारी खेली थी।
विराट कोहली
विराट कोहली
- फोटो : सोशल मीडिया
भारत के स्टार बल्लेबाज के लिए यह साल बेहद शानदार रहा। उन्होंने 35 मुकाबलों में 2048 रन बनाए। साल 2019 से खराब फॉर्म से जूझ रहे कोहली ने इस साल दमदार वापसी की। पिछले साल भी उनके बल्ले से रन निकले थे, लेकिन इस साल कोहली ने राज किया। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट सीरीज के बाद वेस्टइंडीज दौरे में कमाल किया। एशिया कप में भी उन्होंने शानदार बल्लेबाजी की। हालांकि, इस साल कोहली का सबसे बेहतरीन प्रदर्शन विश्व कप में आया। उन्होंने वनडे में अपना 50वां शतक लगाते हुए विश्व कप में 765 रन बनाए और टीम इंडिया को फाइनल तक पहुंचाने में अहम योगदान दिया।
रवींद्र जडेजा
रवींद्र जडेजा
- फोटो : सोशल मीडिया
जडेजा ने इस साल 35 मुकाबलों में 66 विकेट निकाले और 613 रन भी बनाए। चोट की वजह से जडेजा साल 2023 की शुरुआत में चोटिल थे। हालांकि, वापसी करने के साथ ही उन्होंने कमाल का प्रदर्शन किया। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट सीरीज में गेंद और बल्ले से लाजवाब प्रदर्शन किया। इसके बाद वेस्टइंडीज के दौरे में भी वह शानदार फॉर्म में थे। वनडे फॉर्मेट में भी जड्डू ने दोनों विभाग में अच्छा खेल दिखाया। विश्व कप में भी जडेजा ने बेहतरीन गेंदबाजी की। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मुकाबले में उनके पंजे ने भारत को सबसे मुश्किल माने जा रहे मैच में एकतरफा जीत दिलाई थी।
पैट कमिंस
पैट कमिंस
- फोटो : सोशल मीडिया
ऑस्ट्रेलियाई कप्तान पैट कमिंस के लिए यह साल एक गेंदबाज या बल्लेबाज से ज्यादा कप्तान के रूप में उपलब्धियों से भरा रहा। ऐसा माना जा रहा था कि कमिंस बहुत सफल कप्तान नहीं होंगे, लेकिन उनकी अगुआई में कंगारू टीम पहले विश्व टेस्ट चैंपियनशिप और फिर वनडे विश्व कप जीतने में सफल रही। दोनों मौकों पर ऑस्ट्रेलिया ने फाइनल में भारत को हराया। वहीं, कमिंस ने इस साल 24 मुकाबलों में 422 रन बनाने के साथ 59 विकेट भी झटके। वह साल के सर्वश्रेष्ठ क्रिकेटर बनने की रेस में सबसे आगे हैं।