दुनियाभर में क्रिकेट की सर्वोच्च संस्था आईसीसी ने 2022 में होने वाले अंडर-19 पुरुष विश्व कप के क्वालिफिकेशन के पुनर्निर्धारित कार्यक्रम की आज घोषणा कर दी। वेस्टइंडीज में होने वाले इस टूर्नामेंट का आयोजन पांच अलग-अलग स्थानों में किया जाएगा, जहां 33 टीमें आपस में भिड़ेगी। इस क्वालिफिकेशन प्रक्रिया का नाम ‘रोड टू वेस्टइंडीज’ है, जिसकी शुरूआत तंजानिया में अफ्रीका डिवीजन दो से जून 2021 में होगी।
पिछले विश्व कप (2020) की शीर्ष 11 टीमों ने 2022 की शुरुआत में खेले जाने वाले इस विश्व कप के लिए अपनी जगह पक्की कर ली है। इसमें भारत, अफगानिस्तान, ऑस्ट्रेलिया, बांग्लादेश, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड, पाकिस्तान, दक्षिण अफ्रीका, श्रीलंका, वेस्टइंडीज और जिम्बाब्वे शामिल है। कोविड-19 के कारण उम्र वर्ग के इस टूर्नामेंट के क्वालिफिकेशन मुकाबले एक साल की देरी से होंगे। इन पांच टीमों का क्वालिफिकेशन क्षेत्रीय मुकाबलों से होगा।
सात क्षेत्रीय प्रतियोगिताओं के माध्यम से पहले 33 टीमों का चयन होगा, इसकी शुरूआत जून 2021 से होगी। एशिया और अफ्रीका क्षेत्र में टीमों की संख्या अधिक होने के कारण क्वालिफिकेशन के मुकाबले दो स्तर में होंगे जबकि अमेरिका, ईएपी (पूर्वी एशिया और प्रशांत महासागर क्षेत्र) और यूरोप में एक स्तरीय क्वालिफिकेशन मुकाबले होंगे।
आईसीसी प्रतियोगिताओं के प्रमुख क्रिस टेट्ली ने कहा, ‘आईसीसी अंडर19 पुरूष विश्व कप में भविष्य की सितारों की झलक मिलती है। इस प्रतियोगिता में विश्व के बड़े खिलाड़ियों ने भाग लिया है। इस क्वालिफिकेशन से नई टीमों को भी अपनी क्षमता दिखाने का मौका मिलेगा। पांच स्थानों के लिए 33 टीमों के बीच मुकाबला होने से यह काफी प्रतिस्पर्धी होगा।’