युवा बल्लेबाज विराट कोहली ने कहा कि वह कप्तान महेंद्र सिंह धोनी से दबाव में शांत रहने की कला सीख रहे हैं। कोहली ने कहा, ‘एक चीज जो मैं धोनी में पसंद करता हूं वह शांत रहना है। मेरी इच्छा है कि मैं भी कुछ ऐसा ही बन सकूं। वह कुछ ऐसे हैं जो कभी कुछ जाहिर नहीं होने देते जिससे विपक्षी यह जान सके कि उनके दिमाग में क्या चल रहा है।’
साथ ही कोहली ने कहा कि सचिन तेंदुलकर के बगैर टीम इंडिया की कल्पना नहीं की जा सकती। उन्होंने कहा, ‘पिछले 23 सालों से, उन्होंने हमें सिखाया है कि जब प्रत्येक दिन लोग आपसे शतक की उम्मीद करते हैं तब आपको कैसा प्रदर्शन करना है। मैं सचिन के बगैर टीम की कल्पना नहीं कर सकता लेकिन किसी दिन आपको संन्यास लेना ही होता है।’