श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज के आगाज से ऐन वक्त पहले भारतीय टीम प्रबंधन ने ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या को आराम देने का निर्णय दिया। इसे लेकर ट्विटर पर बहुत बहस हुई। लेकिन श्रीलंका के खिलाफ पहले दो टेस्ट मैचों में अपनी अनुपस्थिति को लेकरपांड्या ने कहा है कि उन्होंने खुद ही टीम प्रबंधन से आराम दिए जाने का आग्रह किया था क्योंकि वह अपने आपको सौ प्रतिशत फिट महसूस नहीं कर रहे थे।
आराम दिए जाने से पहले हार्दिक का नाम पहले दो टेस्ट मैचों के लिए चुनी गई टीम में था लेकिन उसके बाद उन्हें दो मैचों में आराम दिया गया। बीसीसीआई की मीडिया रिलीज में यह स्पष्ट नहीं था कि यह उन्हें थकान से बचाने की कवायद है या फिर वह चोटिल हैं।
पांड्या ने कहा कि ईमानदारी से कहूं तो मैंने ही आराम के लिए आग्रह किया था। मैं क्रिकेट खेलना चाहता हूं लेकिन तभी जब पूरी फिट हूं ताकि सौ प्रतिशत दे सकूं। अब मैं ब्रेक के दौरान जिम में ट्रेनिंग करूंगा और फिटनेस सुधारूंगा। मैं दक्षिण अफ्रीका सीरीज के लिए बेताब हूं।