भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच तीन टी-20 मैचों की सीरीज का पहला मैच धर्मशाला में होना था जो बारिश की वजह से रद्द हो गया था। लगातार बारिश की वजह से रविवार को होने वाले मुकाबले में टॉस भी नहीं हो पाया था और बिना एक भी गेंद के मैच को रद्द करना पड़ा था।
अब मैच रद्द होने से निराश क्रिकेट फैंस के लिए हिमाचल प्रदेश क्रिकेट संघ (एचपीसीए) ने मंगलवार को घोषणा की कि वह भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच बारिश के कारण रद्द कर दिये गए पहले टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच के टिकटों की धनराशि गुरुवार से वापस करना शुरू कर देंगे।
भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच 15 सितंबर को भारी बारिश के कारण मैच नहीं हो पाया था। मैच में टॉस नहीं हुआ था और इसलिए दर्शक टिकटों की धनराशि वापस पाने के हकदार हैं।
एचपीसीए ने कहा कि जिन दर्शकों ने स्टेडियम के आधिकारिक बॉक्स ऑफिस से टिकट खरीदे हैं उनकी धनराशि 19 सितंबर से 22 सितंबर के बीच लौटायी जाएगी। दर्शकों को अपनी टिकट और सरकार से जारी फोटो परिचय पत्र दिखाना होगा।